अलवर शहर के एक थाना क्षेत्र में स्केच आर्टिस्ट के साथ मारपीट कर उसकी न्यूड वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पांच युवकों ने पीड़ित को धमकाकर वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए उससे एक लाख रुपये की मांग की। साथ ही पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी। पीड़ित ने गुरुवार को शहर के एक थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब एक माह पहले कुछ युवकों ने उसे फोन कर शहर के एक स्थान पर बुलाया। वह इलाका सुनसान था। वहां पहुंचने पर आरोपियों ने पहले उससे स्केच बनाने से संबंधित बातें कीं, लेकिन कुछ देर बाद उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपियों ने जबरन उसके कपड़े उतरवाए और उसकी न्यूड वीडियो बना ली। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन लेकर उससे दो हजार रुपये ऑनलाइन स्कैन करवा लिए और मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना दोपहर करीब दो बजे की है। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद पीड़ित किसी तरह कपड़े पहनकर अपने घर पहुंचा। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद से आरोपी लगातार उसकी वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे हैं और एक लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। साथ ही जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं। पीड़ित ने बताया कि वह आरोपियों को पहले से नहीं जानता। आरोपियों ने सोशल मीडिया पर उसके वीडियो देखकर उसका मोबाइल नंबर हासिल किया और उसे फंसाने के इरादे से सुनसान जगह पर बुलाया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।


