नर्मदापुरम में फिर लौटी ठंड:24 घंटे में 1.5डिग्री पारे में गिरावट, सुबह से चल रही ठंडी हवा

नर्मदापुरम में लगातार मौसम में बदलाव का दौर जारी है। शुक्रवार को तापमान में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड का असर बढ़ गया। बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री गिरकर 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम में यह बदलाव वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के कमजोर पड़ने के कारण हुआ है। सुबह से साफ रहा मौसम शुक्रवार सुबह से ही जिले में मौसम साफ बना हुआ है। आसमान में धूप खिली रही, लेकिन उत्तरी हवाओं के कारण ठिठुरन महसूस की गई। दिन में धूप के बावजूद सुबह और देर रात हल्की सर्दी का असर बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम का असर कम होने से उत्तरी हवाएं सक्रिय हो गई हैं। इन्हीं हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है और सर्दी का असर बढ़ा है। गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में करीब 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले तापमान 16 डिग्री के आसपास बना हुआ था, जो अब 14.9 डिग्री तक पहुंच गया है। पचमढ़ी में छाया कोहरा हिल स्टेशन पचमढ़ी में शुक्रवार सुबह से घना कोहरा छाया रहा। यहां 24 घंटे में 1.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। पचमढ़ी का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पचमढ़ी सहित आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का असर मैदानी इलाकों की तुलना में अधिक महसूस किया गया। सुबह के समय कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। आने वाले दिनों का मौसम मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक हल्की ठंड का असर बना रह सकता है। हालांकि कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की संभावना है। फरवरी के दूसरे पखवाड़े में धीरे-धीरे गर्मी की दस्तक भी हो सकती है। दिन और रात के तापमान में अंतर मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस समय दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ रहा है। दिन में धूप निकलने से हल्की गर्मी महसूस हो रही है, जबकि रात और सुबह के समय ठंड बनी हुई है। फरवरी के पहले छह दिनों में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखा गया है। कभी तापमान बढ़ा तो कभी अचानक गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम का मिजाज बदलता रहा। फरवरी महीने के पहले छह दिनों में न्यूनतम तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 1 फरवरी को नर्मदापुरम में न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री और पचमढ़ी में 10.2 डिग्री दर्ज किया गया। 2 फरवरी को नर्मदापुरम का तापमान 17.4 डिग्री रहा, जबकि पचमढ़ी में यह गिरकर 8.4 डिग्री तक पहुंच गया। 3 फरवरी को नर्मदापुरम में न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री और पचमढ़ी में 11.2 डिग्री दर्ज हुआ। इसके बाद 4 फरवरी को नर्मदापुरम का तापमान और गिरकर 16.2 डिग्री हो गया, जबकि पचमढ़ी में यह 10.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। 5 फरवरी को नर्मदापुरम में न्यूनतम तापमान हल्का बढ़कर 16.4 डिग्री रहा, वहीं पचमढ़ी में 9.8 डिग्री दर्ज हुआ। 6 फरवरी को एक बार फिर तापमान में गिरावट आई और नर्मदापुरम में न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री तथा पचमढ़ी में 8.6 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे ठंड का असर बढ़ गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *