हिट-एंड-रन मामले में मलयालम एक्टर गिरफ्तार:मणियन पिल्ला राजू की कार से बाइक की टक्कर में दो युवक उछलकर गिरे, घटना CCTV में कैद

केरल के तिरुवनंतपुरम में गुरुवार को हुए एक सड़क हादसे के मामले में मलयालम एक्टर और प्रोड्यूसर मणियन पिल्ला राजू को पुलिस ने गिरफ्तार किया। यह हादसा उनकी कार और एक बाइक के बीच हुआ था। हालांकि, मामला दर्ज होने के बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। घटना के CCTV फुटेज में दिखा कि गुरुवार रात राजू की कार सड़क की ओर आ रही थी, तभी सामने से आ रही बाइक उससे टकरा गई। वीडियो में बाइक सवार दो युवक हवा में उछलकर सड़क पर गिरते नजर आए।
ANI के मुताबिक, केरल पुलिस ने राजू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि हादसे के वक्त कार एक्टर ही चला रहे थे और टक्कर के बाद वह मौके पर नहीं रुके। यह हादसा गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे शहर के वझुथाकौड इलाके में त्रिवेंद्रम क्लब के सामने हुआ। हादसे में बाइक सवार दो युवक, सूरज और निदेव, घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूरज के पैर और कंधे में चोट आई है, जबकि निदेव के गर्दन और पैर में चोट लगी है। मामला दर्ज होने के बाद मणियन पिल्ला राजू को मेडिकल जांच के लिए तिरुवनंतपुरम जनरल अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया। मणियन पिल्ला राजू का असली नाम सुधीर कुमार है और वे मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता और निर्माता हैं। उन्होंने अपने करियर में 400 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। उन्हें “मणियन पिल्ला राजू” नाम 1981 की फिल्म ‘मणियन पिल्ला अथवा मणियन पिल्ला’ में निभाए गए लोकप्रिय किरदार से मिला। उन्होंने साल 1976 में फिल्म ‘मोहिनीअट्टम’ से अभिनय की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने ‘बोइंग बोइंग’, ‘किलुक्कम’, ‘थेनमाविन कोम्बाथ’ और ‘स्पदिकम’ जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया। फिल्म ‘किलुक्कम’ के लिए उन्हें केरल राज्य फिल्म पुरस्कार भी मिला। एक प्रोड्यूसर के तौर पर भी उन्होंने ‘आए ऑटो’, ‘छोटा मुंबई’ और ‘पावडा’ जैसी फिल्मों को प्रोड्यूस किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *