थाईलैंड की राजकुमारी सिरिवन्नावरी विशेष विमान से पहुंची जयपुर:शहर के पर्यटन स्थलों पर करेंगी भ्रमण, एयरपोर्ट पर फोटो खींचने की भी रही मनाही, सेना में मेजर भी है

थाईलैंड की राजकुमारी सिरिवन्नावरी नरिरत्ना राजकन्या 6 से 10 फरवरी तक राजस्थान के दौरे पर हैं। अपने चार दिवसीय प्रवास के दौरान वे जयपुर और जोधपुर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और विरासत स्थलों का भ्रमण करेंगी। शुक्रवार को वे विशेष विमान से जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचीं। एयरपोर्ट पर पुलिस और सीआईएसएफ की विशेष सुरक्षा व्यवस्था रही। प्रोटोकॉल के तहत आम लोगों को फोटो और वीडियो बनाने की अनुमति नहीं दी गई। एयरपोर्ट से वे सीधे अपने काफिले के साथ रामबाग पैलेस के लिए रवाना हो गईं, जहां वे जयपुर प्रवास के दौरान ठहरेंगी। जयपुर में प्रिंसेस सिरिवन्नावरी राजस्थान की प्रसिद्ध ‘अतिथि देवो भवः’ परंपरा से रूबरू होंगी। उनके कार्यक्रम में आमेर किला, हवामहल, सिटी पैलेस और त्रिपोलिया बाजार का दौरा शामिल है। यहां उन्हें राजस्थान की समृद्ध कला, हस्तशिल्प, संस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली से परिचित कराया जाएगा। जयपुर के बाद वे जोधपुर जाएंगी, जहां मेहरानगढ़ किला, उम्मेद भवन और जसवंत थड़ा का भ्रमण करेंगी। इस दौरान राजस्थानी विरासत, स्थापत्य कला और ऐतिहासिक महत्व के स्थलों की जानकारी दी जाएगी। माना जा रहा है कि यह दौरा भारत और थाईलैंड के बीच सांस्कृतिक और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती प्रदान करेगा। इस शाही दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। हाल ही में राज्य के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की थी। वहीं, रॉयल थाई एम्बेसी की एम्बेसडर के साथ भी समन्वय बैठक आयोजित की गई थी, ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके। राजकुमारी के दौरे के मद्देनजर जयपुर और जोधपुर में सुरक्षा, यातायात और प्रोटोकॉल से जुड़ी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। खुद का लग्जरी फैशन ब्रांड राजकुमारी सिरिवन्नवारी नारीरत्ना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रसिद्ध फैशन डिजाइनर के रूप में जानी जाती हैं। उनका खुद का लग्जरी फैशन ब्रांड है, जो दुनिया के कई देशों में लोकप्रिय है। फैशन के क्षेत्र में उनके डिजाइन और कलेक्शन को खास पहचान मिली हुई है। सेना में मेजर पद पर कार्यरत राजकुमारी सिरिवन्नवारी केवल फैशन तक सीमित नहीं है। वे थाईलैंड की शाही सेना में मेजर के पद पर भी कार्यरत हैं। इसके अलावा वे एक कुशल घुड़सवार हैं और खेल, कला व संस्कृति के क्षेत्र में उनकी गहरी रुचि है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *