सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में रईसजादे युवाओं ने चारपहिया वाहनों से स्टंट करते हुए जमकर उत्पात मचाया और स्वयं वीडियो बनाकर सोशल मीडिया एकाउंट पर पोस्ट कर दिया। वीडियो पुलिस को मिला तो पुलिस ने 8 चारपहिया वाहनों के संचालकों सहित अन्य के खिलाफ FIR दर्ज किया है। स्टंटबाजी में 10 से 12 चारपहिया वाहन वीडियो में दिखाई दे रहे हैं। मामला गांधीनगर थानाक्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के एक निजी स्कूल के कक्षा बारहवीं के छात्रों ने 01 फरवरी की शाम सरगवां पैलेस होटल में फेयरवेल पार्टी की। पार्टी के बाद ये युवक सड़क को जाम कर सरगवां मार्ग में स्टंटबाजी करते हुए उत्पात मचाय और रील बनाई। वीडियो में खतरनाक तरीके से युवक वाहनों के उपर पटाखे जलाते दिख रहे हैं। वीडियो में सायरन की आवाज भी है जो संभवतः पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी या एंबुलेंस की हो सकती है। पुलिस ने दर्ज की FIR
मामले की शिकायत एसपी योगेश पटेल को मिली तो उन्होंने मामले की जांच कराई। पुलिस जांच में पता चला कि मामला 01 फरवरी का है। बिगड़ैल युवकों ने यह स्टंटबाजी शाम 4 बजे से 8 बजे के बीच किया है। वाहन में सवार युवक शंकरघाट रोड से वीडियो बनाते हुए सरगवां की ओर जाते हुए सड़क को घेरकर कट मारते हुए वाहन चला रहे थे और स्टंटबाजी करते हुए वीडियो बना रहे थे। मामले में गांधीनगर पुलिस ने चारपहिया वाहन क्रमांक CG12-BC 0407, CG15-AE 0001, CG15-AE 9100, CG15-EC 2827, JH01- DY 5616, JH01-DW 3832, CG15-DY 8122, JH01-DZ 0041 एवं अन्य चार पहिया वाहनों के संचालकों के खिलाफ धारा 281 बीएनएस का अपराध दर्ज किया है। SP योगेश पटेल ने बताया कि अन्य वाहनों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की जाएगी। पूर्व में भी हो चुकी है कार्रवाई
इसके पूर्व भी अंबिकापुर में खतरनाक तरीके से स्टंटबाजी के मामलों में सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई की है। चांदमारी में स्टंटबाजी करते युवाओं का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने चालान काटा था। कलाकेंद्र मैदान एवं पीजी कॉलेज में युवाओं का स्टंट बाजी करते हुए वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने जुर्माना लगाया था। इस मामले में पुलिस ने सीधे एफआईआर दर्ज की है।


