रायसेन जिले में माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 10 फरवरी से शुरू हो रही हैं। इन परीक्षाओं के लिए शुक्रवार को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय से गोपनीय परीक्षा सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर एडीएम मनोज उपाध्याय और जिला शिक्षा अधिकारी डीडी रजक सहित केंद्र अध्यक्ष व सहायक केंद्र अध्यक्ष उपस्थित थे। इस साल जिले में नकल रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। 32 परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए जा रहे हैं। इन जैमर के कारण छात्रों, शिक्षकों या केंद्र अध्यक्षों के मोबाइल फोन का नेटवर्क काम नहीं करेगा, जिससे परीक्षा संबंधी कोई भी गोपनीय सामग्री लीक नहीं हो पाएगी। पिछले वर्ष यह व्यवस्था 7 केंद्रों पर लागू थी, जिसे अब बढ़ाकर 32 केंद्रों तक किया गया है। तीन तस्वीरों में देखिए परीक्षा सामग्री का वितरण… 10वीं में 17,571 और 12वीं के 11,516 छात्र-छात्राएं देंगे परीक्षा परीक्षाओं में कुल 29,087 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनमें 10वीं के 17,571 और 12वीं के 11,516 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। एडीएम मनोज उपाध्याय ने बताया कि जिले भर में कुल 82 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 9 केंद्रों को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है, जहां कैमरों के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी डीडी रजक ने जानकारी दी कि सभी परीक्षा केंद्रों के प्रश्नपत्र संबंधित थानों में रखे जाएंगे। परीक्षा वाले दिन कलेक्टर प्रतिनिधि और केंद्र अध्यक्ष थाने पहुंचकर प्रश्नपत्र निकालते समय वीडियोग्राफी करेंगे और सेल्फी भी लेंगे। इसके बाद केंद्र पर पहुंचकर दोबारा वीडियोग्राफी की जाएगी। यह वीडियो माध्यमिक शिक्षा मंडल को भेजी जाएगी। परीक्षा के प्रत्येक दिन, संबंधित विषय के प्रश्नपत्र कलेक्टर प्रतिनिधि की उपस्थिति में थाना परिसर से निकाले जाएंगे। इसके बाद, केंद्र अध्यक्ष कलेक्टर प्रतिनिधि के साथ प्रश्नपत्रों को सीधे परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाएंगे। इस पूरी प्रक्रिया में गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।


