नीमच जिला पंचायत अध्यक्ष के बेटे-भांजे से मारपीट:दोनों गंभीर; सगराना फैक्ट्री विवाद में सरपंच के देवर समेत 30 लोगों ने पत्थर-डंडे मारे

नीमच के सगराना गांव स्थित गोल्ड क्रैश फैक्ट्री में जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान के बेटे और भांजे पर जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावरों ने उनके साथ मारपीट कर वाहन को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर को जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान के बेटे इंद्रजीत सिंह और उनके भांजे आदित्य फैक्ट्री में रेत के डंपर खाली करवाने और उसका पेमेंट लेने के लिए गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद हमलावरों ने उन पर अचानक पत्थर और लाठियों से हमला कर दिया। घटना में आदित्य के सिर और इंद्रजीत के हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। पुरानी रंजिश और रंगदारी का मामला जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान ने आरोप लगाया है कि सगराना सरपंच रानीदेवी देवर महेंद्र सिंह ने अपने 30-35 साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी महेंद्र सिंह और उसके गुट का पहले से ही आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इससे पहले भी इस समूह पर फैक्ट्री में अवैध वसूली (रंगदारी) मांगने के आरोप लगे थे, जिसके बाद पुलिस ने फैक्ट्री प्रबंधन की शिकायत पर उनके खिलाफ मामला भी दर्ज किया था। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी वारदात की खबर मिलते ही कैंट थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत दोनों लहूलुहान युवाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल परिसर में भी सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात किया गया है। पीड़ितों के बयान के आधार पर पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हमलावरों की धरपकड़ शुरू कर दी है। कैंट पुलिस की अलग-अलग टीमें महेंद्र सिंह और उसके साथियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी ने बताया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल फैक्ट्री और आसपास के ग्रामीण इलाकों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *