अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ 8 फरवरी को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर संकल्प सिद्धि एवं सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन करेगा। इसे लेकर बैठक आयोजित की गई। महासंघ के जिला संयोजक बाबूलाल गुर्जर ने बताया – यज्ञ में महासंघ द्वारा निर्धारित सात प्रमुख संकल्पों की सामूहिक घोषणा की जाएगी और आहुतियां दी जाएंगी। यह यज्ञ सरकार से कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने और उन्हें सद्बुद्धि प्रदान करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। पटवार संघ के जिला अध्यक्ष लेखराम गुर्जर ने बताया कि कोटपूतली-बहरोड़ जिले में यह सद्बुद्धि यज्ञ जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रातः 10 बजे से आयोजित होगा। सात संकल्पों को लेकर सद्बुद्धि यज्ञ महासंघ के सदस्यों दिनेश शर्मा, बुधराम गुर्जर और रामकुवार यादव ने कर्मचारियों के सात प्रमुख संकल्पों का उल्लेख किया। इनमें पदोन्नति एवं वेतन विसंगतियों का निराकरण, पुरानी पेंशन योजना की सुरक्षा एवं सुनिश्चितता, तथा कुक-कम-हेल्पर, संविदा कर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, कृषक मित्र, ग्राम प्रहरी और सुरक्षा गार्ड जैसे कर्मियों का स्थायीकरण एवं सम्मानजनक मानदेय प्रदान करना शामिल है। फार्मासिस्ट संघ की जिला अध्यक्ष अंजू यादव और पशुपालन विभाग के जिला अध्यक्ष सुरेश गुर्जर ने बताया कि प्रमुख बोर्डों, निगमों एवं विभागों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और निजीकरण के विरुद्ध सुदृढ़ एवं ठोस नीति का निर्माण करना भी महासंघ की महत्वपूर्ण मांगों में से एक है। महासंघ के प्रतिनिधियों बलवीर सिंह खोला, जयद्रथ यादव और विक्रम चनेजा ने बताया कि पारदर्शी स्थानांतरण नीति लागू करना, कर्मचारियों के मान-सम्मान एवं स्वाभिमान की रक्षा करना, तथा पारिवारिक व सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में आ रही बाधाओं से कर्मचारियों को संरक्षण प्रदान करना भी महासंघ के संकल्पों का अभिन्न अंग है। महासंघ के जिला कोषाध्यक्ष मालीराम यादव, ग्राम विकास अधिकारी संघ के प्रताप सैनी, रामूतार गुर्जर और प्रकाश गुर्जर ने बताया कि 8 फरवरी को आयोजित सद्बुद्धि यज्ञ में सभी घटक संगठनों के कर्मचारी पूर्ण एकजुटता एवं अनुशासन के साथ अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।


