माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा को लेकर बैतूल जिले में तैयारियां पूरी हो गई हैं। शुक्रवार से प्रश्नपत्रों और गोपनीय सामग्री के वितरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रभारी डीईओ भूपेंद्र वरकड़े ने बताया कि आज बोर्ड के निर्देशानुसार जिले के ग्रामीण अंचलों के परीक्षा केंद्रों के लिए प्रश्नपत्रों का वितरण उत्कृष्ट विद्यालय बैतूल से किया गया। कुल 102 परीक्षा केंद्रों के लिए यह सामग्री भेजी गई है, जबकि शहरी क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों के लिए सामग्री का वितरण शनिवार को किया जाएगा। जिले में इस बार बोर्ड परीक्षा 127 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इनमें 7 संवेदनशील और 4 अति संवेदनशील केंद्र शामिल हैं। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए 23 थाना क्षेत्रों को संकलन केंद्र बनाया गया है। 10 फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं
केंद्राध्यक्ष और सहायक केंद्राध्यक्ष अपने-अपने प्रश्नपत्र संबंधित पुलिस थानों से प्राप्त करेंगे। बोर्ड परीक्षा का आयोजन 10 फरवरी से प्रारंभ होगा। 10 फरवरी से हायर सेकेंडरी परीक्षा और 17 फरवरी से हाईस्कूल परीक्षा शुरू होगी। इस वर्ष जिले में कुल 34 हजार 278 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें कक्षा 10वीं के 18 हजार 821 नियमित और 913 स्वाध्यायी, जबकि कक्षा 12वीं के 13 हजार 250 नियमित और 1 हजार 294 स्वाध्यायी विद्यार्थी शामिल हैं। प्रश्नपत्रों के वितरण के साथ ही परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परीक्षा की तिथियों में पुलिस प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त निगरानी में सभी केंद्रों तक प्रश्नपत्र सुरक्षित रूप से पहुंचाए जाएंगे।


