बालाघाट में बोर्ड परीक्षा की गोपनीय सामग्री का वितरण शुरू:पुलिस सुरक्षा में सामग्री लेकर रवाना हुए केन्द्राध्यक्ष; थानों में जमा होंगे प्रश्नपत्र

बालाघाट जिले में माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शुक्रवार से शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षाओं की गोपनीय सामग्री का वितरण शुरू कर दिया गया है। दो दिनों तक चलने वाली इस प्रक्रिया के पहले दिन 69 परीक्षा केंद्रों के जिम्मेदार अधिकारियों को सामग्री सौंपी गई। पुलिस सुरक्षा में थानों तक पहुंचेंगे पेपर वितरण के पहले दिन बैहर, बिरसा, परसवाड़ा, लांजी और कटंगी विकासखंडों के केंद्राध्यक्ष और सहायक केंद्राध्यक्ष पुलिस सुरक्षा में गोपनीय सामग्री लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इन प्रश्नपत्रों को संबंधित परीक्षा केंद्रों के नजदीकी थानों में सुरक्षित जमा कराया जाएगा। परीक्षा वाले दिन कलेक्टर प्रतिनिधि की मौजूदगी में ही थाने से प्रश्नपत्र केंद्र तक लाए जाएंगे। शेष 63 केंद्रों के लिए सामग्री का वितरण 7 फरवरी को किया जाएगा। 39 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी देंगे परीक्षा इस वर्ष जिले के 132 केंद्रों पर कुल 39,173 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 21,682 और हायर सेकेंडरी के 17,491 परीक्षार्थी शामिल हैं। 12वीं की परीक्षाएं 10 फरवरी से और 10वीं की परीक्षाएं 13 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। प्रशासन ने स्वाध्यायी परीक्षार्थियों के लिए संदीपनी स्कूल और महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय को विशेष केंद्र बनाया है, जिन्हें संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। नकल रोकने 21 फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए इस बार कड़े इंतजाम किए गए हैं। बोर्ड के निर्देशानुसार केवल शासकीय शिक्षकों की ही ड्यूटी लगाई गई है। नकल पर लगाम कसने के लिए कुल 21 फ्लाइंग स्क्वॉड गठित किए गए हैं। इनमें एसडीएम, तहसीलदार और शिक्षा विभाग के अधिकारियों सहित कुल 63 अधिकारी तैनात रहेंगे, जो परीक्षा के दौरान केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *