पंजाब में फरीदकोट के कोटकपूरा-मुक्तसर रोड पर शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे के कारण ई-रिक्शा पलट गया, जिसमें ई-रिक्शा चालक के अलावा उसमें सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों की पहचान ई-रिक्शा चालक कोटकपूरा निवासी सुखमंदर सिंह, हरजीत कौर और परमजीत कौर के रूप में हुई है। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल कोटकपूरा पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए फरीदकोट के मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही थाना सिटी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। ई-रिक्शा यूनियन के प्रधान सुखमंदर सिंह ने कहा कि हादसे के लिए कार चालक जिम्मेदार है, जिसने तेज़ रफ्तार में ओवरटेक करते हुए ई-रिक्शा को टक्कर मारी। उन्होंने बताया कि ई-रिक्शा चालक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस मामले में कार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।


