फाजिल्का के अबोहर के गांव दीवान खेड़ा से पंजावा रोड पर खेतों में एक अज्ञात युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला। थाना खुईयां सरवर की पुलिस ने शव को पहचान और पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल के शवगृह में 72 घंटों के लिए रखवाया है। मृतक ने हरी चैकदार टी-शर्ट, जींस पैंट और बूट पहने हुए हैं। जानकारी के अनुसार, गांव पंजाबा के पूर्व सरपंच अंग्रेज सिंह 6 फरवरी को अपने खेत में गए थे। उन्होंने सड़क के नजदीक एक युवक को बेसुध पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह मृत था। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना थाना खुईयां सरवर पुलिस को दी। थाना खुईयां सरवर के प्रभारी रणजीत सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नर सेवा नारायण सेवा समिति के सदस्य बिट्टू नरूला की मदद से शव को पहचान और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। बिट्टू नरूला ने बताया कि मृतक की आयु करीब 30 से 32 साल है, लेकिन आसपास के गांवों में पूछताछ के बावजूद उसकी पहचान नहीं हो पाई है। युवक की मृत्यु का कारण ठंड हो सकता है, हालांकि इस बारे में अभी कुछ भी स्पष्ट तौर पर नहीं कहा जा सकता। थाना खुईयां सरवर के एसआई जसवंदिर सिंह ने पुष्टि की कि पूर्व सरपंच ने ही उन्हें खेतों में शव मिलने की सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि शव को 72 घंटों के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है और पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक को जानता हो तो इसकी सूचना पुलिस को दें।


