पंजाब सरकार की ‘लीगल सहायता डिफेंस काउंसिल’ योजना के विरोध में मानसा के वकीलों ने मोर्चा खोल दिया है। बार एसोसिएशन मानसा के आह्वान पर वकीलों ने अपनी हड़ताल जारी रखते हुए अदालत परिसर के बाहर धरना दिया और वहां से डिप्टी कमिश्नर (DC) कार्यालय तक रोष मार्च निकाला। इस दौरान वकीलों ने पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मानसा के वकील बीते कल से ही कामकाज ठप कर प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसका असर न्यायिक प्रक्रियाओं पर भी पड़ रहा है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे बार एसोसिएशन के प्रधान गुरदास सिंह मान, बलवीर कौर, गुरलाभ सिंह माहौल और विजय कुमार भदौड़ा ने सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल उठाए। वकीलों का मुख्य आरोप है कि एक तरफ पंजाब सरकार राज्य को नशा मुक्त करने और तस्करों के खिलाफ युद्ध छेड़ने के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर इसी योजना के तहत नशा तस्करों को सरकारी खर्च पर मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान की जा रही है। वकीलों ने कहा कि गंभीर अपराधों में संलिप्त तस्करों को इस तरह की मदद देना उनके हौसले बुलंद करने जैसा है। प्रदर्शनकारी वकीलों ने अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निजी तौर पर लीगल डिफेंस उपलब्ध करवाने के कारण वकीलों के पास कानूनी मामले आने कम हो गए हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। वकीलों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस योजना की समीक्षा नहीं की और उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो वे अपनी हड़ताल को अनिश्चितकालीन समय के लिए बढ़ा सकते हैं और आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।


