छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में एक सूने घर में चोरी की घटना घटित हुई थी। पूरा परिवार रायपुर गया हुआ था, तभी पीछे का दरवाजा खोलकर चोरों ने 3 लाख 25 हजार की चोरी कर फरार हो गए। घटना धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के मुताबिक वार्ड क्रमांक 9 में बेहरापारा बीएसएनएल टावर के पास रहने वाला रविन्द्र राय 54 साल ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि खेती किसानी व ठेकेदारी का काम करता हूं और बुधवार को वे अपने परिवार के साथ किसी काम से रायपुर गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था, तभी शुक्रवार की सुबह पड़ोस में रहने वाली सूरजमती बाई ने मोबाइल पर सूचना दी कि उनके घर के पीछे का दरवाजा खुला हुआ है और चोरी का संदेह है। जिसके बाद रविन्द्र राय तत्काल रायपुर से रायगढ़ के लिए रवाना हुए और जब शाम को घर पहुंचे, तब उन्होंने देखा कि घर के पीछे का दरवाजा खुला हुआ है और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज
घर में जांच करने पर अलमारी में रखे कैश डेढ़ लाख रुपये व सोने चांदी के समान समेत 3 लाख 25 हजार की चोरी हो गई है। जिसके बाद उन्होंने मामले की सूचना धरमजयगढ़ थाना पहुंच कर दी। जिसके बाद धरमजयगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में जांच शुरू कर दी। वहीं पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।


