एमपी बोर्ड कक्षा 10/12वीं के प्रश्नपत्र पेटियों में सील:सुरक्षा के बीच सामग्री बस से रवाना, 10 फरवरी से शुरू होगी परीक्षा

नर्मदापुरम। माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा 13 फरवरी से और कक्षा 12वीं की परीक्षा 10 फरवरी से शुरू होगी। बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के तहत शुक्रवार को जिले में प्रश्नपत्र, उत्तरपुस्तिकाएं और अन्य गोपनीय परीक्षा सामग्री का वितरण किया गया। माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल से भेजी गई गोपनीय सामग्री का वितरण जिला मुख्यालय स्थित उत्कृष्ट विद्यालय में किया गया। दोपहर 12 बजे से पहले केंद्राध्यक्षों और सहायक केंद्राध्यक्षों को परीक्षाओं से संबंधित दिशा-निर्देश समझाए गए, इसके बाद प्रश्नपत्रों का वितरण शुरू हुआ। केंद्राध्यक्ष और सहायक केंद्राध्यक्ष परीक्षा सामग्री की पेटियां लेकर अपने-अपने स्कूल पहुंचे। प्रश्नपत्रों का वितरण जिला कलेक्टर के अधिकृत प्रतिनिधि सरिता मालवीय, तहसीलदार (नगर) नर्मदापुरम तथा जिला शिक्षा अधिकारी लक्ष्मी नारायण प्रजापति के मार्गदर्शन में किया गया। दूरी वाले केंद्रों को पहले बांटी सामग्री
सबसे पहले दूरस्थ परीक्षा केंद्रों पचमढ़ी और बनखेड़ी को प्रश्नपत्र वितरित किए गए, ताकि समय पर प्रश्नपत्र संबंधित थानों में सुरक्षित रखवाए जा सकें। इसके बाद शाम 6 बजे तक पिपरिया, सोहागपुर, केसला, माखननगर, इटारसी और सिवनी मालवा ब्लॉक के परीक्षा केंद्रों को सामग्री का वितरण किया गया। उत्कृष्ट विद्यालय की प्राचार्य एवं समन्वयक साधना बिलथरिया ने बताया कि जिले में कुल 78 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 67 केंद्रों को शुक्रवार को परीक्षा सामग्री वितरित की गई, जबकि शहर के 11 परीक्षा केंद्रों की सामग्री शनिवार को वितरित की जाएगी। प्रश्नपत्रों के बॉक्स सुरक्षा व्यवस्था के तहत केंद्राध्यक्षों को सौंपे गए हैं, जिन्हें निकटतम थाना या चौकी में सुरक्षित रखवाया जाएगा। 78 केंद्रों पर 26,500 विद्यार्थी देंगे परीक्षा
जिले में बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 78 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 26,500 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। कक्षा 10वीं में 13,753 नियमित और 873 प्राइवेट सहित कुल 14,626 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं कक्षा 12वीं में 10,843 नियमित और 1,031 प्राइवेट सहित कुल 11,874 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *