राजस्थान आबकारी नीति वर्ष 2025-29 के तहत आबकारी विभाग द्वारा मदिरा दुकानों का बंदोबस्त की प्रक्रिया में 72 प्रतिशत नवीनीकरण हो चुका है। आखिरी तारीख 12 फरवरी है और आबकारी विभाग को उम्मीद है कि करीब 90 प्रतिशत तक नवीनीकरण हो जाएगा। राज्य में आबकारी विभाग द्वारा मदिरा दुकानों के नवीनीकरण की प्रक्रिया जारी है और इसी के तहत 11 फरवरी तक 72 प्रतिशत का लक्ष्य प्राप्त कर लिया है। नवीनीकरण की अंतिम तिथि 12 फरवरी है ऐसे में अनुज्ञाधारियों के विश्वास व उत्साह के मद्देनजर पुरानी मदिरा दुकानों के लिए नवीनीकरण कराया जा रहा है। आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते ने बताया कि राजस्थान आबकारी एवं मद्यसंयम नीति वर्ष 2025-29 के तहत पुरानी मदिरा की दुकानों के नवीनीकरण की प्रक्रिया के तहत अनुज्ञाधारियों में उत्साह देखा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 7665 मदिरा दुकानों में से अब तक 5490 मदिरा की दुकानों का नवीनीकरण करते हुए 72 प्रतिशत का लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आबकारी विभाग द्वारा पहली मर्तबा फरवरी माह में ही संभवतया मदिरा दुकानों के रिन्यूअल का 90 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य प्राप्त कर लिया जाएगा। नवीनीकरण से शेष रही दुकानों का समूहवार ऑनलाईन नीलामी, ई-बिड द्वारा आवंटन का प्रावधान है।


