राजगढ़ में अहिंसा वेलफेयर सोसायटी ने बाल विवाह के खिलाफ एक अनोखा जागरूकता अभियान चलाया। “जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन” कार्यक्रम के तहत कालीपीठ थाना परिसर में दीपों से भारत का मानचित्र बनाकर “बाल विवाह मुक्त राजगढ़” का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी शिवचरण यादव सहित पुलिस स्टाफ, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने बाल विवाह रोकने का संकल्प लिया और इस कुप्रथा की सूचना मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करने का वादा किया। अहिंसा वेलफेयर सोसायटी के मेम्बर्स ने बताया कि बाल विवाह केवल सामाजिक बुराई ही नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य को प्रभावित करने वाला गंभीर अपराध है। इससे बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और मानसिक विकास पर गहरा असर पड़ता है। समाज को यह समझाया गया कि जिस तरह दीपक अंधकार को दूर करता है, उसी तरह शिक्षा और जागरूकता से बच्चों का भविष्य उज्जवल बनाया जा सकता है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज को यह संदेश देना था कि बाल विवाह को रोकने के लिए कानून के साथ-साथ जन सहयोग भी जरूरी है। यह पहल राजगढ़ को बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई। थाना प्रभारी शिवचरण यादव ने कहा, यदि हम सभी मिलकर प्रयास करें, तो यह कुरीति पूरी तरह समाप्त हो सकती है। हमें संकल्प लेना होगा कि अपने जिले को बाल विवाह मुक्त बनाकर ही रहेंगे। देखें तस्वीरें-


