धांधरा रोड पर अवैध कब्जे, 33 फीट चौड़ी सड़क 20 फीट की रह गई, 50 हजार की आबादी जाम से परेशान

भास्कर न्यूज | लुधियाना लुधियाना का धांधरा रोड, जो गलाडा के अंतर्गत आता है, अब जाम और अवैध कब्जों के चलते गंभीर समस्याओं का सामना कर रहा है। धांधरा रोड पर बढ़ती जाम की समस्या और अवैध कब्जों का मामला लुधियाना के गलाडा और पीडब्लूडी अधिकारियों के लिए एक बड़ी चुनौती बन चुका है। क्षेत्रीय सरपंचों की एकजुटता और लगातार प्रयासों के बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस रोड की चौड़ाई, जो पहले 33 फीट थी, अब घटकर केवल 20 फीट रह गई है। इसके कारण, न केवल यातायात की समस्या बढ़ी है, बल्कि रोड पर जाम भी आम हो गया है। इस समस्या को लेकर शहीद भगत सिंह नगर के 5 सरपंचों ने मिलकर गलाडा के अधिकारियों को शिकायत दी है और कार्रवाई की मांग की है। सड़कों पर अवैध रेहड़ी- फड़ी को हटाना चाहिए और दुकानदारों द्वारा किए अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। तभी 50 हजार आबादी के इलाका निवासियों को राहत मिलेगी। इस रोड पर ट्रैफिक पुलिस मुलाजिम का होना भी जरूरी है। 1 किमी. सड़क पर लगा रहता है जाम: भगत सिंह नगर के सरपंच मलकीत सिंह ने बताया कि इस एक किलोमीटर लंबी सड़क पर लगभग 50 हजार लोगों की आबादी रहती है। अगर सड़क की चौड़ाई 33 फीट जो गलाडा ने पास की थी होती, तो दोनों साइड से वाहनों का आवागमन सुगमता से हो सकता था। लेकिन अवैध इमारतों और गलाडा अधिकारियों की लापरवाही ने इस रोड को कमर्शियल बना दिया है, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि सभी सरपंचों ने कई बार गलाडा अधिकारियों को शिकायत दी है, लेकिन किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई है। अवैध कब्जे और गलाडा अधिकारियों की लापरवाही: शहीद भगत सिंह नगर के सरपंच संजय तिवारी ने बताया कि धांधरा रोड पर जाम की समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इसका मुख्य कारण गलाडा अधिकारियों की लापरवाही है, जो अवैध इमारतों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों से 15 फीट पीछे दुकानों का निर्माण होना चाहिए था, लेकिन सड़कों पर ही अवैध दुकानों और रेहडी-फड़ी वालों ने कब्जा कर रखा है, जिससे सड़क पर घंटों जाम लगना आम बात हो गई है। अवैध होटल और कॉलोनियों का निर्माण: सतजोत नगर की सरपंच सुखविंदर कौर बावा ने बताया कि इस रोड पर अवैध होटल भी खुलवाए गए हैं, जबकि यह क्षेत्र पूरी तरह से रेजिडेंट एरिया है। उन्होंने कहा कि गलाडा अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। बावा ने बताया कि क्षेत्रवासियों ने कई बार अपनी शिकायतें गलाडा अधिकारियों तक पहुंचाई हैं, लेकिन केवल नोटिस भेजने के अलावा कुछ नहीं किया गया है। अभी समाधान नहीं हुआ तो समस्या और बढ़ेगी: प्रीत विहार इलाके के हैरी सरपंच ने बताया कि सभी सरपंचों ने मिलकर निर्णय लिया है कि वे बुधवार को फिर से एकजुट होकर गलाडा अधिकारियों से शिकायत करेंगे और इस रोड पर सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे। उनका कहना है कि यदि इस समस्या का समाधान जल्दी नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में यह समस्या और भी बढ़ सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि इस रोड पर कई अवैध कॉलोनियां बन चुकी हैं, जहां पर रोड के ऊपर ही कमर्शियल दुकानों का निर्माण किया गया है। इस मामले पर जब गलाडा के एसीए विनीत से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि यह सड़क पीडब्लूडी द्वारा बनाई गई है और सड़क पर अवैध कब्जे हुए हैं, तो इस मामले में पीडब्लूडी के अधिकारी कार्रवाई करेंगे। उनका कहना था कि अगर उनके विभाग के क्षेत्र में अवैध कब्जे हुए हैं, तो उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीडब्लूडी के एक्सईएन प्रदीप ने बताया कि वे इस सड़क की जांच करेंगे और फिर नोटिस जारी करेंगे। उन्होंने कहा कि पहले यह सुनिश्चित किया जाएगा कि यह सड़क पीडब्लूडी के क्षेत्र में आती है या नहीं। उसके बाद पॉलिसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *