खैरागढ़ जिले के नगर पंचायत छुईखदान और गंडई में नगरीय निकाय में कुल 83.50% मतदान हुआ है। सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। दोनों नगर पंचायतों के कुल 16 हजार 113 पंजीकृत मतदाताओं में से 13 हजार 455 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नगर पंचायत छुईखदान में कुल 5,885 मतदाताओं में से 4,918 ने वोट डाला, जिसमें 2,381 पुरुष और 2,537 महिला मतदाता शामिल रहे। यहां मतदान प्रतिशत 83.57% रहा। वहीं नगर पंचायत गंडई में 10,228 कुल मतदाताओं में से 8,537 ने मतदान किया, जिसमें 4,103 पुरुष और 4,434 महिला मतदाताओं ने भाग लिया। गंडई में मतदान प्रतिशत 83.47% रहा। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों में मतदान के प्रति विशेष उत्साह दिखा। चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन द्वारा किए गए सुरक्षा प्रबंधों के चलते पूरी मतदान प्रक्रिया सुव्यवस्थित रही। कहीं से भी किसी विवाद या गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली। अब सभी की नजरें 15 फरवरी को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जिसमें नगर पंचायतों के अध्यक्ष और पार्षद पदों के विजेताओं की घोषणा की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदाताओं, निर्वाचन कर्मियों और सुरक्षा बलों की सराहना की।


