बलौदाबाजार| नगर पंचायत लवन में अध्यक्ष पद की निर्दलीय प्रत्याशी डालेश्वरी गन्धर्व के चुनाव प्रचार में शामिल होना उनके पति चन्द्रमौली गन्धर्व को भारी पड़ गया। आदर्श आचरण संहिता के उल्लंघन के आरोप में चन्द्रमौली गन्धर्व को उनके पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। चन्द्रमौली गन्धर्व ग्रामीण सेवा सहकारी समिति मर्यादित लवन में व्यवस्थापक के पद पर कार्यरत थे। चुनावी प्रक्रिया के दौरान उन पर आरोप लगा कि वे अपनी पत्नी के पक्ष में सक्रिय रूप से चुनाव प्रचार कर रहे थे, जो कि सरकारी सेवा में रहते हुए आचार संहिता का उल्लंघन माना जाता है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बलौदाबाजार-भाटापारा के निर्देश पर संबंधित अधिकारी ने जांच करवाई। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति लवन के द्वारा उन्हें तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया गया।


