भास्कर न्यूज | सुकमा गादीरास इलाके के एटपाल गांव से रामाराम मेला देखने जा रहे ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली गोलाबेकुर के पास मोड़ पर बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में 15 से ज्यादा ग्रामीण घायल हो गए। घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। एक नाबालिग समेत 4 को सिर में चोट लगने की वजह से हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने डिमरापाल मेडिकल कॉलेज रिफर कर दिया है। ग्रामीणों के अनुसार ट्रैक्टर में बच्चे-महिलाओं समेत 50 से ज्यादा लोग सवार थे। गोलाबेकुर के पास मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और ट्रॉली समेत पलट गया। एटपाल निवासी पोडियम कोसा ने बताया कि गांव से सभी ग्रामीण रामाराम मेला देखने जा रहे थे। दोपहर करीब सवा 2 बजे गोलाबेकुर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घायलों में से ही कुछ लोगों ने 108 एम्बुलेंस को कॉल किया। जिसके बाद एम्बुलेंस कर्मचारी ईएमटी लिलिमा पोयाम ने अस्पताल पहुंचाया।


