उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में मुंबई से दर्शन के लिए आई एक महिला श्रद्धालु के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि मंदिर के सुरक्षाकर्मियों ने महिला को धक्का देकर बाहर निकाल दिया। इस दौरान महिला रोती और चिल्लाती रही। मौके पर मौजूद लोग वीडियो बनाते रहे। सुरक्षाकर्मियों और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने महिला के साथ खड़े दूसरे श्रद्धालुओं को भी बाहर निकालकर गेट बंद कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। घटना के बाद मंदिर समिति ने महिला पर मंदिर में हंगामा करने और सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए थाने में आवेदन दिया है। मामला गुरुवार रात करीब 10 बजे का है। महिला बोली- गार्ड ने कंधे पर हाथ रखकर आगे धकेला महाकाल मंदिर में इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इसी कारण सुरक्षाकर्मियों और श्रद्धालुओं के बीच विवाद की घटनाएं बढ़ रही हैं। मुंबई से तीन महिला दोस्तों के साथ आई रेशमा सोनवाड़े दर्शन लाइन में लगी हुई थीं। महिला का कहना है कि चांदी की पालकी गेट के सामने टनल में दर्शन के दौरान पुरुष गार्ड महिलाओं के कंधे पर हाथ रखकर लोगों को आगे धकेल रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो एक महिला गार्ड को बुलाकर उनके साथ मारपीट की गई। महिला का आरोप है कि मारपीट में चार पुरुष गार्ड भी शामिल थे। मारपीट के दौरान कुछ दूसरे श्रद्धालुओं को भी धक्का देकर मंदिर से बाहर कर दिया गया। इसके बाद गेट बंद कर दिया गया। मौके पर काफी हंगामा हुआ। कई श्रद्धालु महिला के साथ हुई मारपीट से नाराज दिखे और सुरक्षाकर्मियों पर जबरदस्ती करने के आरोप लगाए। महिला बोली- दर्शन नहीं हुए, बुरा अनुभव लेकर लौट रही मुंबई से आई महिला श्रद्धालु ने अपने साथ हुई मारपीट को लेकर महाकाल थाने में आवेदन दिया है। महिला ने बताया कि करीब आठ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। उसने कहा कि महाकाल मंदिर में दर्शन नहीं हो सके और वह बहुत बुरा अनुभव लेकर लौट रही है। इधर, इस घटना को लेकर महिला सुरक्षाकर्मी ने भी महाकाल थाने में महिला श्रद्धालु के खिलाफ आवेदन दिया है। महिला गार्ड का कहना है कि श्रद्धालु लाइन रोक रही थी। आगे बढ़ने को कहा गया तो उसने विवाद शुरू कर दिया। इसी दौरान हाथापाई हुई। बाहर निकलने को कहने पर महिला श्रद्धालु ने महिला गार्ड का गला पकड़ लिया और नाखून से हमला किया, जिससे कुछ गार्ड घायल हुए। फिलहाल, दोनों पक्षों की ओर से महाकाल थाने में शिकायत दर्ज कर ली गई है। घटना में एक महिला सुरक्षा कर्मी के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। ये खबर भी पढ़ें… भस्म आरती के दौरान कर्मचारी को पीटा उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती के दौरान हंगामे के बाद मारपीट हो गई। मंदिर के गार्ड ने आरोप लगाया कि उज्जैन कोर्ट से आए दो कर्मचारी 10 लोगों की परमिशन पर 19 को अंदर ले जा रहे थे। रोका तो मारपीट शुरू कर दी। उनके पास रेडियो फ्रिक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन बैंड भी नहीं था। पढ़ें पूरी खबर…


