भास्कर न्यूज | महुआडांड़ झारखंड सरकार के कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजना उन्नति का पहिया के तहत मंगलवार को प्रोजेक्ट हाईस्कूल में सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले 8वीं के छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया गया। कार्यक्रम में संत तेरेसा विद्यालय के 146, संत जोसफ विद्यालय के 191, राज डंडा के 15 और बाल निकेतन नेतरहाट के छात्र-छात्राओं को साइकिल दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप जलाकर किया गया। इस मौके पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी घनश्याम चौबे ने छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरित की। कहा कि साइकिल मिलने से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले छात्र-छात्राओं को स्कूल आने-जाने में परेशानी नहीं होगी। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं। यही झारखंड सरकार की मंशा है। घनश्याम चौबे ने आगे कहा कि इस योजना से न केवल छात्रों का उत्साह बढ़ेगा, बल्कि शिक्षा के स्तर में भी सुधार आएगा। ड्रॉप आउट बच्चों की संख्या में कमी आएगी और छात्र नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित होंगे। इस मौके पर खुर्शीद आलम, अमित कुमार (शिक्षक), सलमा खातून, विजय तिर्की, बंधु किसान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ शुभकामनाएं दी गईं।


