शोभायात्रा के रंग में दिनभर रंगा शहर, बूटा मंडी में कार्यक्रम आज

भास्कर न्यूज | जालंधर ‘वधाइयां जी वधाइयां, दिन खुशियां दा आया है’, ‘लग्गियां रौणकां भारी जन्म दिहाड़े ते’, ‘जय गुरु देव धन गुरु देव’, के जयकारों से संगत ने शोभायात्रा की गरिमा को और भी बढ़ा दिया। इस दौरान जयघोष और गुरु की बाणी से पूरा माहौल भक्तिमय नजर आया। मंगलवार को गुरु रविदास एजुकेशनल एंड चेरिटेबल ट्रस्ट व अन्य संस्थाओं द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में महानगर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पालकी साहिब में श्री गुरु रविदास जी की भव्य प्रतिमा और फोटो के आगे लगातार संगत नतमस्तक होती रही। नामलेवा संगत ने भजन कीर्तन करते हुए और भक्ति में लीन होकर नाचते-गाते शोभायात्रा की शोभा बढ़ाई। शोभायात्रा संत-महापुरुषों की अध्यक्षता में निकाली गई। गुरु की पालकी के साथ-साथ संगत भजनों का गुणगान करते हुए शहर की परिक्रमा कर रही थी। शोभायात्रा सतगुरु रविदास धाम से चलकर श्री गुरु रविदास चौक, डॉ. अंबेडकर चौक, भगवान वाल्मीकि चौक, श्रीराम चौक, लवकुश चौक, फगवाड़ा गेट, भगत सिंह चौक, माई हीरां गेट, पटेल चौक, बस्ती अड्डा चौक, फुटबॉल चौक से होते हुए वापस धाम में संपन्न हुई। संगत ने पूरे रास्ते ‘गुरुपर्व गुरां दा आया गुरुपर्व गुरां दा आया’, ‘गुरु ले आया सच दी बाणी दूध दा दूध पानी दा पानी’, ‘ओ मेरे सतगुरु दी अमृत वरगी बाणी’ व अन्य भजनों का गुणगान किया। संस्थाओं ने प्रभु की पालकी को रंग बिरंगे फूलों-लाइटों से सजाया हुआ था। शोभायात्रा में हजारों की तादाद में संगत सतगुरु के दर्शन करने के लिए शामिल हुई। श्रद्धालुओं ने स्टेज, लंगर लगाकर व पुष्प वर्षा से गुरु की पालकी का स्वागत किया। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कड़े प्रबंध किए गए। पुलिस प्रशासन और सीआरपीएफ की टीम गुरु महाराज की पालकी के साथ चल रही चल रही थी, जिससे किसी प्रकार दिक्कत न हो सके। शोभायात्रा में डीसी हिमांशु अग्रवाल, सतगुरु रविदास चेरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन सेठ सतपाल , दीपक बाली, राजविंदर थियाड़ा, एडीसी जसबीर सिंह, पवन कुमार टीनू, स्टीफन कलेर, बाबा अमरजीत, हरदयाल बंगड़, विनोद कौल, गौरव महे भी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *