मंदसौर के संवेदनशील मुल्तानपुरा में पुलिस की दबिश:कई थानों का बल उतरा, अपराधियों के घरों की तलाशी

मंदसौर जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित संवेदनशील क्षेत्र मुल्तानपुरा में शुक्रवार शाम सैकड़ों पुलिसकर्मियों ने एक साथ दबिश दी। एडिशनल एसपी टी.एस. बघेल के नेतृत्व में जब भारी पुलिस बल मुल्तानपुरा पहुंचा तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बता दें कि मुल्तानपुरा क्षेत्र को मंदसौर का बेहद संवेदनशील इलाका माना जाता है, जहां से समय-समय पर अपराध और अवैध गतिविधियों से जुड़ी शिकायतें सामने आती रही हैं। इस दबिश में पिपलिया मंडी, नई आबादी, वायडी नगर और कोतवाली थाना क्षेत्र का पुलिस बल शामिल रहा। एक साथ कई थानों की पुलिस के पहुंचने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपने घरों से बाहर निकलकर स्थिति को देखने लगे। संदिग्धों और गोवंश तस्करों के ठिकानों पर दबिश
पुलिस ने मुल्तानपुरा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों, गुंडा तत्वों, अपराधी किस्म के बदमाशों और गोवंश तस्करी से जुड़े आरोपियों के मकानों पर दबिश दी। जहां-जहां आरोपी रहते हैं वहां पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाया। इसके साथ ही कस्बे के संवेदनशील इलाकों में भी सर्चिंग की गई। एडिशनल एसपी टी.एस. बघेल ने बताया कि इस क्षेत्र में कई ऐसे लोग निवास करते हैं जो इनामी, फरारी, स्थाई वारंटी और गुंडा सूची में दर्ज हैं। इन्हीं आरोपियों की तलाश को लेकर यह विशेष दबिश दी गई है। पुलिस के अनुसार यहां से कई तरह की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। कोई गिरफ्तारी नहीं, लेकिन अपराधियों पर बना दबाव
हालांकि इस कार्रवाई के दौरान पुलिस को कोई बड़ी गिरफ्तारी या विशेष सफलता हाथ नहीं लगी, लेकिन पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की दबिशों से अपराधियों पर दबाव बनता है और कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश जाता है। दबिश के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती दिखाई। पुलिस ने बिना नंबर प्लेट, बिना हेलमेट, और मॉडिफाइड वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। कई वाहन चालकों के चालान काटे गए। एडिशनल एसपी टी.एस. बघेल ने कहा, “मुल्तानपुरा क्षेत्र से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। यहां इनामी, फरार, स्थाई वारंटी और गुंडा तत्व के लोग रहते हैं। आरोपियों की तलाश और संवेदनशील इलाकों में सर्चिंग के लिए यह दबिश दी गई है तो ड्रोन कैमरे के माध्यम से भी तलाशी अभियान चलाया गया। आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।” कार्रवाई के जरिए पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जिले के संवेदनशील इलाकों में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग और दबिश की कार्रवाई जारी रहने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *