हाथ ठेला व्यापारी और निगम गैंग में मारपीट,VIDEO:उज्जैन में सामान छुड़वाने आए थे व्यापारी, विवाद बढ़ने के बाद हुई मारपीट

उज्जैन में नगर निगम रिमूवल गैंग प्रभारी और हाथठेला व्यापारियों के बीच हुए विवाद के बाद नौबत मारपीट तक पहुंच गई। इस दौरान गैंग प्रभारी ने एक व्यापारी के साथ मारपीट कर दी। इससे नाराज होकर व्यापारियों ने चक्का जाम करने की कोशिश की। इधर, मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस ने गैंग प्रभारी की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शुक्रवार सुबह हरसिद्धि मंदिर के पीछे हाथठेला पर व्यापार करने वाले लोग, महिलाओं के साथ अपने जब्त किए गए ठेले छुड़वाने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान नगर निगम के गैंग प्रभारी मोहन थनवार और उनके साथियों ने व्यापारियों को समझाया कि निगम कमिश्नर के आदेश पर ही ठेले छोड़े जाएंगे। तभी दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और गैंग प्रभारी थनवार ने एक व्यापारी की पिटाई कर दी। व्यापारी की पिटाई से नाराज होकर महिलाओं और अन्य व्यापारियों का गुस्सा और भड़क गया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई। घटना का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें विवाद के दौरान कहासुनी के बाद गैंग प्रभारी व्यापारी को पीटते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान आने-जाने वाले लोगों की काफी भीड़ एकत्रित हो गई थी। देखें मारपीट की तस्वीरें… ठेलों को जब्त कर ब्रिगेड परिसर में रखा नगर निगम के गैंग प्रभारी मोहन थनवार ने बताया कि गुरुवार को नगर निगम कमिश्नर के आदेश पर झालरिया मठ के पास कार्रवाई करते हुए कुछ अवैध ठेलों को जब्त किया गया था। सभी ठेलों को फायर ब्रिगेड परिसर में रखा था। शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे संजय चौहान, कालू चौहान और अर्जुन कहार अपने साथ कुछ महिलाओं को लेकर आए और ठेले छोड़ने की बात करने लगे। उन्हें समझाया गया कि कमिश्नर के आदेश पर ही ठेले छोड़े जाएंगे, लेकिन वे जबरदस्ती करने लगे। जब हमने उन्हें रोका तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी और गंदी गालियां देने लगे। इसके बाद कोतवाली थाने में संजय चौहान, कालू चौहान और अर्जुन कहार के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। तीनों पर मारपीट, एट्रोसिटी एक्ट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में केस दर्ज किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *