भास्कर न्यूज | डौंडी खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के अंतर्गत अनुसूचित जनजाति वर्ग की बालिकाओं की फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए विगत दिनों रायपुर के कोटा स्टेडियम में राज्य स्तरीय ट्रायल आयोजित किया गया। इस ट्रायल में छत्तीसगढ़ के एसटी वर्ग की फुटबॉल खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें गर्ल्स फुटबॉल क्लब डौंडी की खिलाड़ी शालिनी चौरका का शानदार प्रदर्शन के आधार पर छत्तीसगढ़ टीम के लिए चयन किया गया। शालिनी चौरका नगर पंचायत अध्यक्ष मोहंतीन चौरका की पुत्री हैं। शालिनी अब तक 15 बार राज्य स्तर एवं 3 बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन कर चुकी हैं और लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाती आ रही हैं। इसी क्रम में सोनम साहू का चयन दुर्ग विश्वविद्यालय की ओर से गोलकीपर के रूप में राष्ट्रीय विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। सोनम अब तक 6 राज्य स्तरीय एवं 1 ओपन नेशनल प्रतियोगिता खेल चुकी हैं। वे 9 से 13 फरवरी तक पश्चिम बंगाल में आयोजित ईस्ट जोन यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में दुर्ग विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं, हाल ही में मणिपुर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता से लौटकर आई खिलाड़ी दीपिका का नगर में फूलमालाओं व गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया गया। दीपिका अब तक 15 राज्य स्तरीय एवं 2 राष्ट्रीय टूर्नामेंट में भाग लेकर डौंडी नगर आदिवासी अंचल एवं बालोद जिले का नाम रोशन कर चुकी हैं। 5वीं नेशनल खिलाड़ी बनीं गौरतलब है कि वर्तमान सत्र में सोनम साहू पांचवीं नेशनल खिलाड़ी बनी हैं। इस सत्र में प्रथम दामिनी यादव, द्वितीय शिवानी कुशवाहा, तृतीय दीपिका, चतुर्थ शालिनी चौरका, पंचम सोनम साहू ने राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर गर्ल्स फुटबॉल क्लब डौंडी का गौरव बढ़ाया है। खेलो इंडिया जैसे प्रतिष्ठित मंच पर चयन एवं खिलाडि़यों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर गर्ल्स फुटबॉल क्लब डौंडी की अध्यक्ष मोहंतीन चौरका, संरक्षक हेमंत तन्ना, त्रिनाथ नायडू, कोच संतु यादव, जिला खेल समन्वयक स्वप्न जेना, बीएसओ डोंडी मंजुला यदु, नीलम साहू, पांडा, दिनेश अग्रवाल, पिंटू भूआर्य, नीलेश गौर, टीनू, राम, श्रवण, शाहरुख, शेखर यादव सहित अन्य लोगों ने खुशी जताई हैं।


