भास्कर न्यूज | सूरजपुर शुक्रवार को प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी के मुख्य आतिथ्य में विकासखंड स्तरीय सरगुजा ओलंपिक रामानुजनगर का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रतियोगिता के दौरान 10 विभिन्न खेल विधाओं में जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विधायक मरावी ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक इस इस संभाग के सभी खिलाड़ियों को सुनहरा अवसर प्रदान कर रहा है, जिससे वे अपने-अपने परिवार का नाम रोशन कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास कर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करने प्रेरित किया। इस दौरान सभी विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार व प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।


