लुधियाना | श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल सेवक सिद्धपीठ की लुधियाना शाखा द्वारा आयोजित 37वां दो दिवसीय श्री हरिनाम महा संकीर्तन महोत्सव का आज से भव्य शुभारंभ हो रहा है। श्री दंडी स्वामी महाराज की असीम अनुकंपा और पं. राजकुमार शर्मा की अध्यक्षता में होने वाले इस महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। कार्यक्रम की तैयारियों के लिए बीआरएस नगर स्थित श्री दुर्गा माता मंदिर में अश्वनी ग्रोवर की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। महोत्सव की रूपरेखा साझा करते हुए मंडल के प्रतिनिधि अश्वनी ग्रोवर ने बताया कि दो दिनों के भीतर कुल चार सत्रों में प्रभु का गुणगान किया जाएगा। शनिवार को पहले सत्र का आयोजन सुबह 10 से 1 बजे तक बीआरएस नगर के श्री दुर्गा माता मंदिर में होगा, जबकि दूसरा सत्र शाम 7 से 10 बजे तक प्राचीन गौशाला, डिवीजन नंबर 3 में सजेगा। रविवार को तीसरे सत्र के लिए साहनेवाल स्थित तपोस्थली कुटिया श्री दंडी स्वामी में सुबह 10:30 बजे भक्त जुटेंगे। महोत्सव का भव्य समापन रविवार शाम 5 बजे श्री सिद्धपीठ दंडी स्वामी मंदिर में चौथे सत्र के साथ होगा। बैठक के दौरान बृज मोहन ढींगरा, दीपक शर्मा, संदीप लांबा, सोमनाथ मल्होत्रा, सुरिंदर अरोड़ा, प्रिंस छाबड़ा और जीवन अग्रवाल आदि ने उत्सव में भाग लेने की अपील की।


