भास्कर न्यूज| महासमुंद महासमुंद जिले में 5 फरवरी को विशेष व्यवस्था के अंतर्गत 85 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 1304 किसानों से कुल 9882 टन धान की खरीदी की गई। यह विशेष अवसर उन किसानों के लिए महत्वपूर्ण रहा, जिनके टोकन या सत्यापन प्रक्रिया में पूर्व में किसी कारणवश देरी हुई थी। प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि कोई भी पात्र किसान धान बेचने से वंचित न रहे। जिले में 5 फरवरी तक कुल 149291 किसानों ने अपना धान बेचा है। इसमें मोटा धान 825443 मीट्रिक टन, पतला धान 32.80 एमटी, सरना धान 185360 और कुल 110836 मीट्रिक टन दर्ज है, जो विभिन्न किस्मों के योग और उठाव की स्थिति के साथ निरंतर अपडेट किया जा रहा है। प्रशासन न केवल खरीदी बल्कि धान के उठाव पर भी कड़ी नजर रखे हुए है। जारी डीओ 564,869 मीट्रिक टन है और अब तक 340497 मीट्रिक टन का उठाव हो चुका है। शेष उठाव 224372 टन बाकी है। विशेष अवधि के दौरान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए खाद्य विभाग के अधिकारी, नोडल अधिकारी और उड़नदस्ता दल पूरे दिन केंद्रों पर सक्रिय रहे। निर्धारित तीन श्रेणियों के किसानों ने केंद्रों में पहुंचकर अपनी उपज बेची।


