भास्कर न्यूज | जालंधर कांग्रेसियों ने शुक्रवार को सिविल अस्पताल के बाहर पंजाब सरकार के खिलाफ पुतला फूंक प्रदर्शन किया। आरोप है कि जो नई मुख्यमंत्री बीमा योजना आरंभ की गई है, उसका लाभ लेने के लिए जनता को मजबूर किया गया है कि वह आवेदन से पहले आम आदमी पार्टी नेता से पर्ची लेकर आएं। ये कार्ड सीधे सर्विस सेंटर में बनने चाहिए न कि आप नेताओं के दफ्तरों में। पंजाब सरकार में अंतिम साल में राजनीतिक स्टंट किया जा रहा है। धरने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रजिंदर बेरी ने कहा कि सीएम बीमा योजना का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है। बीमा योजना पंजाब सरकार की है, लेकिन इसे आम आदमी पार्टी की स्कीम बना दिया गया है। आम आदमी पार्टी ने हर वार्ड में अपने वार्ड कोऑर्डिनेटर को एक मशीन दी है। उससे आवेदक के लिए एक पर्ची निकालता है और उसे बताता है कि यह कार्ड बनवाने के लिए कहां जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि राज्य सरकार ने पिछले 4 साल तक लोगों की सेहत की परवाह क्यों नहीं की? अब चुनाव के साल में लोग अपनी सेहत को लेकर परेशान हैं। आम आदमी पार्टी जो दिल्ली में करती रही है, वही पंजाब में भी कर रही है। इस दौरान वेस्ट हलका प्रभारी बीबी सुरिंदर कौर, पवन कुमार, गुरविंदरपाल बंटी नीलकंठ, महिंदर सिंह गुल्लू, डॉ. जसलीन सेठी, जगजीत जीता, नरेश वर्मा, परमजीत बल, मनमोहन बिल्ला, मंदीप जस्सल, जगदीश दकोहा, मंगा सिंह मुधर, विपन कुमार, मुनीश पाहवा, अश्वनी जंगराल, यशपाल शामिल रहे।


