रांची नगर निगम ने होल्डिंग टैक्स की वसूली बढ़ाने के लिए अब सरकारी संस्थानों को भी नोटिस भेजना शुरू कर दिया है। निगम की राजस्व शाखा की और से रांची रेलवे स्टेशन आैर हटिया रेलवे स्टेशन का होल्डिंग नंबर नहीं लिए जाने पर डीआरएम को नोटिस किया है। इसमें कहा गया है कि नगरपालिका अधिनियम के तहत निगम अपने क्षेत्र के सभी भवनों से टैक्स वसूल सकता है। रेलवे द्वारा अब तक अपनी संपत्ति का होल्डिंग नंबर नहीं लिया गया है। ऐसे में स्वयं अपनी संपत्तियों की मापी करके टैक्स की गणना कर सात दिनों के अंदर टैक्स का भुगतान करे। ऐसा नहीं करने पर नगरपालिका अधिनियम के तहत निगम कार्रवाई करेगा। इधर, निगम ने जुडको को भी नोटिस जारी किया है। इसमें कहा गया है कि जुडको द्वारा बिरसा मुंडा स्मृति पार्क का संचालन किया जा रहा है, लेकिन अब तक इसका भी होल्डिंग नहीं लिया गया है। ऐसे में सात दिनों के अंदर टैक्स का निर्धारण करके टैक्स का भुगतान करे। ऐसा नहीं करने पर निगम कार्रवाई करेगा।


