सिटी रिपोर्टर|रांची रांची नगर निगम ने जलाशयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को वार्ड नंबर एक स्थित कांके डैम के कैचमेंट एरिया का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण सीएमपीडीआई गेट के विपरीत मार्ग के समीप किया गया, जिसमें वास्तविक स्थिति का आकलन किया गया। टीम का नेतृत्व अपर प्रशासक ने किया। निरीक्षण के दौरान कैचमेंट एरिया में अवैध रूप से निर्मित नौ भवन पाए गए, जिन्हें निगम की टीम ने चिन्हित किया। अपर प्रशासक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि भवन मालिकों को नोटिस जारी कर उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाए, ताकि वे अपने वैध दस्तावेज निगम के समक्ष प्रस्तुत कर सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में यदि निर्माण अवैध पाया जाता है, तो भवन मालिकों को स्वयं भवन खाली करने का निर्देश दिया जाएगा तथा अवैध संरचनाओं को हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। कैचमेंट एरिया में सीमांकन एवं अतिक्रमण चिन्हित करने के लिए निगम की भू-संपदा टीम द्वारा मापी भी की गई। अपर प्रशासक ने चेतावनी देते हुए कहा कि शहर के किसी भी जलाशय में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे सभी अतिक्रमणों को चिन्हित कर चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जलाशयों की सुरक्षा को लेकर निगम का जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान नगर प्रबंधक सहित भू-संपदा शाखा एवं इनफोर्समेंट टीम के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। रांची| रांची नगर निगम ने अपने राजस्व को बढ़ाने का निर्णय लिया है। शुक्रवार को नगर निगम के उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू की अध्यक्षता में राजस्व शाखा एवं कर संग्रहण एजेंसी की बैठक हुई। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी वार्डों में असेसमेंट कर बकाएदारों से कर वसूली कर रोजाना लक्ष्य पूरा करें। बड़े बकाएदार, जो भुगतान नहीं कर रहे, उनके विरुद्ध नगरपालिका अधिनियम, के तहत कानूनी कार्रवाई करें। अच्छे प्लान एवं रणनीति से चालू वित्तीय वर्ष के 100 करोड़ रुपए के राजस्व लक्ष्य को प्राप्त करें। एजेंसी के प्रतिनिधी निगम क्षेत्र की सभी अंडर असेसड प्रॉपर्टी के भवनों का पूरा असेसमेंट करें। वार्डों में कैंप लगा कर होल्डिंग टैक्स के आवेदन प्राप्त करें। मौके पर सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक, निगम के कर संग्रहकर्ता, श्री पब्लिकेशन एंड स्टेशनर्स के प्रतिनिधि समेत राजस्व शाखा के कर्मी मौजूद थे।


