एक बार झारखंड में मौसम ने करवट ली है। तापमान चढ़ने लगा है। बीते 24 घंटे में सबसे अधिक गर्म जिला सरायकेला रहा है। यहां का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बात राजधानी रांची के मौसम की करें तो यहां का अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक था। राजधानी में बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी रही। इस तरह से राज्य के मौसम बदलाव हुआ है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि अगले 5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, जबकि सुबह में धुंध और दिन भर मौसम साफ रहेगा। इससे तेज धूप के कारण दिन में भी गर्मी बढ़ेगी। मिनिमम टेंपरेचर भी 10 डिग्री के ऊपर पहुंचा मौसम के बदलते मिजाज की वजह से सुबह-शाम लगने वाली ठंड में भी कमी आई है। मंगलवार को गुमला राज्य का एकमात्र ऐसा जिला था जहां का मिनिमम टेंपरेचर 9.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के तापमान के पूर्वानुमान के आंकड़े बता रहे हैं कि आज किसी भी जिले का मीनिमम टेंपरेचर 10 डिग्री या इससे नीचे नहीं रहने वाला है। सबसे कम तापमान वाला जिला बोकारो रह सकता है। इसके अलावा 6 जिले ऐसे हैं, जहां का न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। कन्फ्यूज कर रहा मौसम, रखें खुद का ध्यान रांची के जेनरल फिजिशियन डॉ संजय सिंह के मुताबिक अभी का मौसम काफी कन्फ्यूजन वाला है। सुबह-शाम ठंड लग रही है। दिन में गर्मी महसूस हो रही है। ऐसे में खानपान का बैलेंस भी लोगों का बिगड़ रहा है। अभी ऐसे बदलते मौसम में सर्द-गर्म होने का खतरा ज्यादा होता है। इसके अतिरिक्त 7 अलग-अलग तरह की बीमारियां होती है। अभी खुद का ध्यान रखने की जरूरत है। फरवरी में अप्रैल जैसी गर्मी की संभावना रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर अब कमजोर पड़ता दिख रहा है। इस वजह से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। फिलहाल, झारखंड के आसपास कोई सिनॉप्टिक फीचर भी नहीं देखा जा रहा है। तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों को अभी से गर्मी का एहसास होने लगा है। बताया जा रहा है कि फरवरी में ही अप्रैल जैसी गर्मी की संभावना बने।


