राज्य के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान जल्द बारादरी में स्थित 177 साल पुराने मकान में शिफ्ट हो सकते हैं। उक्त 177 साल पुराने मकान का नंबर-1 है। ये वही घर है, जहां पर पहले डिवीजन कमिश्नर का घर था। अब इसे मुख्यमंत्री भगवंत मान के लिए तैयार किया जा रहा है। इस आवास में अब नये सोफे लगने शुरू हो गये हैं। बैडमिंटन और वॉलीबॉल कोर्ट भी तैयार किए जा रहे हैं। दोनों जगहों पर जाल लगा दिए गए हैं। भवन तैयार करने का काम जोरों पर है। तैयारियों को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री जल्द ही यहां रहने आ सकते हैं। शहर से बाहर मकान होने के चलते लिया फैसला गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने फिलहाल जालंधर कैंट में एक मकान किराए पर ले रखा है। जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव के दौरान मुख्यमंत्री अक्सर वहां मौजूद थे। उस समय मुख्यमंत्री ने दोआबा व माझा के लोगों से वादा किया था कि वह सप्ताह में एक या दो दिन जालंधर जरूर आएंगे ताकि यहां के लोगों को अपने काम के लिए चंडीगढ़ न जाना पड़े। छावनी क्षेत्र में मुख्यमंत्री का आवास शहर से थोड़ा बाहर है, इसलिए उनके लिए शहर में ही आवास की तलाश की गई। ताकि लोगों को कोई परेशानी न हो। इसके बाद मुख्यमंत्री के लिए किराए के मकान की जगह संभागीय आयुक्त आवास तैयार करने की योजना बनाई गई। इन सुविधाओं से लैस होगा नया आवास बारादरी में स्थित इस ऐतिहासिक इमारत में चार ड्राइंग रूम, चार शयनकक्ष, तीन कार्यालय कक्ष, एक बरामदा और सहायक कर्मचारियों के लिए 10 दो कमरों वाले पारिवारिक फ्लैट भी हैं। घर के सामने एक बड़ा बगीचा है। इसके पीछे जालंधर का प्रसिद्ध क्लब जिमखाना है। मुख्यमंत्री के लिए नया फर्नीचर लगाया जा रहा है। पिछले 177 वर्षों में 140 आयुक्त इस भवन में रह चुके हैं।


