राजस्थान में पारा 32 डिग्री के ऊपर पहुंचा:फतेहपुर, नागौर सबसे ठंडे; जानिए, अगले 5 दिन तक कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान में मौसम के बदलाव का दौर शुरू होने के साथ ही तापमान बढ़ने लगा है। शुक्रवार को प्रदेश के सभी शहरों में दिन में तेज धूप रही, जिससे अधिकतम तापमान में 1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई। प्रदेश में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। तेज धूप से दिन में लोगों को हल्की गर्मी महसूस हुई, जबकि सुबह-शाम तापमान में बड़ी गिरावट होने से तेज सर्दी रही। मौसम विशेषज्ञों ने राज्य में अगले 5 दिनों तक इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान जताया है। पिछले 24 घंटों में जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर समेत तमाम शहरों में आसमान साफ रहा। शुक्रवार सुबह से प्रदेश में अच्छी धूप रही और दिन चढ़ने के साथ सूरज की तपिश बढ़ने लगी। बाड़मेर में अधिकतम तापमान (2.3 डिग्री बढ़कर) 32.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जालौर, पाली में अधिकतम तापमान 30-30 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर 29.6 डिग्री सेल्सियस, जोधपुर में 29.8 डिग्री सेल्सियस, डूंगरपुर, दौसा में 29.1 डिग्री सेल्सियस, चित्तौड़गढ़ में 29.8 डिग्री सेल्सियस, उदयपुर में 29 डिग्री सेल्सियस और बीकानेर में 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इन शहरों के अलावा जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, पिलानी, फलोदी, गंगानगर में भी कल दिन में हल्की गर्मी रही, जहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। फतेहपुर, नागौर सबसे ठंडे, पारा 5 डिग्री से नीचे दिन में तेज धूप और हल्की गर्मी से पहले शुक्रवार को सुबह प्रदेश में तेज सर्दी रही। दौसा, करौली, फतेहपुर, नागौर, सीकर में कल न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा ठंडे इलाके फतेहपुर और नागौर रहे, जहां न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *