बिलासपुर में नगरीय निकाय चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों में जमकर बवाल हुआ। इस दौरान मारपीट भी हुई। पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने के लिए लाठियां भी भांजी। जिसके बाद निर्दलीय प्रत्याशी तय्यब हुसैन और उसके समर्थकों पर केस दर्ज किया गया। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक एक-दूसरे की पिटाई करते दिख रहे हैं। इधर, केस दर्ज करने पर निर्दलीय प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि वार्ड में भाजपा और कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा। इसमें भी उन्हें चुनाव हारने की आशंका हुई, तब मारपीट के झूठे केस में उन्हें फंसा दिया गया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। वहीं, वार्ड 31 में शहजादी कुरैशी का ईवीएम छीनने की कोशिश करते वीडियो वायरल हो गया। हालांकि, इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। दरअसल, वार्ड क्रमांक 32 में भाजपा से अमित तिवारी, कांग्रेस से अहमद और कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने के बाद तैय्यब हुसैन निर्दलीय लड़ रहे थे। यहां राजा रघुराज सिंह स्टेडियम में मतदान केंद्र बनाया गया, जहां मतदान के दौरान 4 बजे मारपीट हो गई। आरोप है कि निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थक की जमकर पिटाई कर दी। भाजपा के किसान मोर्चा पदाधिकारी ने दर्ज कराया केस भाजपा के किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष प्रशांत कश्यप ने आरोप लगाते हुए कहा कि निर्दलीय प्रत्याशी फर्जी वोटिंग करवा रहे थे, जिसे उन्होंने रोकन की कोशिश की। इस दौरान एक वोटर को पकड़कर पुलिस बुलाने की बात कही। इतने में निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों ने वोटर को छुड़ाने की कोशिश की और धक्कामुक्की करते हुए दौड़ा-दौड़ाकर उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने बरसाई लाठियां यहां विवाद की सूचना मिलते ही सीएसपी निमितेश सिंह बल के साथ पहुंच गए। युवकों की भीड़ देखकर पुलिस ने जमकर लाठियां लहराई और युवकों पर लाठी बरसाते हुए उन्हें खदेड़ दिया। बाद में घायल प्रशांत कश्यप और भाजपा नेता, पार्षद प्रत्याशी शिकायत लेकर सिविल लाइन थाना पहुंच गए। प्रशांत ने पुलिस को बताया कि तय्यब हुसैन, बाबा खान, फैज मेनन, और उसके साथियों ने मारपीट की। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। निर्दलीय प्रत्याशी बोला- वीडियो देखे बिना कर दी FIR इधर, निर्दलीय प्रत्याशी तय्यब हुसैन का कहना है कि जिस समय मारपीट हुई तब वो दूर में थे। वहां भाजपा प्रत्याशी अमित तिवारी भी मौजूद थे। मारपीट का वायरल वीडियो में भी मैं पीछे दूर में दिख रहा हूं, न तो मैं और मेरे कार्यकर्ताओं ने मारपीट की है और न ही विवाद किया है। लेकिन, पुलिस ने वीडियो देखे बिना भाजपा के दबाव में आकर FIR दर्ज कर दी। चुनाव हारते देख षडयंत्र के तहत फंसाया तय्यब हुसैन ने कहा कि भाजपा-कांग्रेस के लोग ही मतदान केंद्र में फर्जी वोटिंग करा रहे थे। उन्होंने 2 लोगों का चैलेंज वोटिंग कराया। उनकी वोट कोई और डालकर चले गए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा-कांग्रेस मिलकर वार्ड में मेरे खिलाफ चुनाव लड़ रहे थे। इसके बाद भी दोनों प्रत्याशी चुनाव हारते देख षडयंत्र के तहत उन्हें फंसाने की साजिश रच रहे हैं। खपरगंज में 5 बजे के बाद वोटिंग पर बवाल खपरगंज में स्वामी आत्मानंद लाला लाजपत राय स्कूल में तय समय के बाद वोटिंग को लेकर विवाद हो गया। पीठासीन अधिकारी ने ईवीएम बंद कर रख दिया। तभी कांग्रेस प्रत्याशी शहजादी कुरैशी और उनका बूथ प्रभारी सज्जू खान वहां पहुंचे। उन्होंने पेटी में रखा ईवीएम छीनने की कोशिश की। तालापारा बालमुकुंद स्कूल धक्कामुक्की तालापारा स्थित मुकुल बाल स्कूल के बूथ में भी प्रत्याशी के समर्थकों की भिड़ंत हो गई। यहां भी भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस ने जमकर लाठियां बरसाई। बल प्रयोग कर पुलिस ने यहां भीड़ को खदेड़ा और स्थिति को काबू में किया। जबड़ापारा में भाजपा कांग्रेस आपस में भिड़े सरकंडा के जबड़ापारा स्थित सेंट जेवियर स्कूल केंद्र, जबड़ापारा में मतदान खत्म होने से 5 मिनट पहले बीजेपी-कांग्रेस के प्रत्याशी आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने से माहौल बिगड़ने लगा। लेकिन, भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने खुद से स्थिति संभाली और समर्थकों को शांत कराया।


