आज पहली बार जगदलपुर आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू:बस्तर पंडुम 2026 का करेंगी शुभारंभ, आदिवासी संस्कृति-परंपरा को देखेंगी, अमित शाह भी शाम को रायपुर आएंगे

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज पहली बार बस्तर दौरे पर रहेंगी। वे सुबह 11 बजे जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित बस्तर पंडुम के संभाग स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगी। बस्तर की कला, संस्कृति और आदिवासी परंपरा को करीब से देखेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम हैं। पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है। राष्ट्रपति अपने दौरे के दौरान बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा और लोककलाओं को नजदीक से देखेंगी। आयोजन स्थल पर विशाल और भव्य मंच का निर्माण किया गया है। मंच और परिसर को आदिवासी कला, पारंपरिक प्रतीकों, रंगों और सजावट से संवारा गया है। जिससे बस्तर की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रूप में पेश किया जा सके। बस्तर पंडुम के तहत कई जनजातियों के पारंपरिक नृत्य, लोकगीत, वाद्ययंत्र, वेशभूषा और रीति-रिवाजों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। राष्ट्रपति के स्वागत, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कार्यक्रम संचालन को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है। वहीं, आज शाम को ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी रायपुर आएंगे। राष्ट्रपति के बस्तर दौरे के क्या हो सकते हैं मायने? राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू खुद आदिवासी महिला हैं। ऐसे में उनका आदिवासी बहुल बस्तर क्षेत्र में आना विशेष महत्व रखता है। यह दौरा आदिवासी समाज के लिए सम्मान, आत्मगौरव और पहचान का प्रतीक माना जा रहा है। स्थानीय लोग इसे केवल राष्ट्रपति का आगमन नहीं, बल्कि अपनी बेटी या बहन के बीच आने के रूप में देख रहे हैं। राष्ट्रपति की उपस्थिति से बस्तर पंडुम को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। इससे बस्तर की लोकसंस्कृति, कला और परंपराएं देशभर में और अधिक प्रभावी ढंग से सामने आएंगी। साथ ही, यह दौरा आदिवासी महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत भी बनेगा। यह संदेश देते हुए कि संघर्ष, शिक्षा और आत्मविश्वास से कोई भी सर्वोच्च मुकाम तक पहुंच सकता है। बस्तर जैसे संवेदनशील और लंबे समय तक उपेक्षित रहे क्षेत्र में राष्ट्रपति का आगमन यह भी दर्शाता है कि लोकतंत्र और संविधान बस्तर के साथ खड़े हैं। यह दौरा विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक सम्मान और संवाद की दिशा में एक मजबूत संकेत माना जा रहा है। जानिए बस्तर में कब-कब कौन से राष्ट्रपति आए ऐसा रहेगा ट्रैफिक और पार्किंग का रूट मैप इन मार्गों से आने वाले लोग रखे इसका ध्यान रायपुर, भानपुरी, बस्तर, बकावंड और नगरनार मार्ग के साथ-साथ लोहंडीगुड़ा, गीदम और सुकमा की ओर से आने वाले वाहनों को कुम्हड़ाकोट गणपति रिसोर्ट के सामने मैदान और रिलायंस पेट्रोल पंप के पास (पी-7 से पी-9) पार्क किया जाएगा। भीड़ अधिक होने की स्थिति में कृषि उपज मंडी और हाता ग्राउंड को रिजर्व पार्किंग के रूप में तैयार रखा गया है। यातायात विभाग ने आम नागरिकों के लिए अहम सूचना जारी की है। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत लालबाग, सनसिटी मार्ग से आमागुड़ा चौक पार्किंग की ओर आवागमन की अनुमति वीवीआईपी आगमन से केवल दो घंटे पहले तक ही रहेगी। इसके बाद मुख्य मार्ग बंद कर दिया जाएगा। देर से पहुंचने वाले लोगों को चांदनी चैक और नयामुंडा होते हुए बोधघाट थाना के पीछे से हाटकचोरा मार्ग के जरिए आमागुड़ा पार्किंग तक पहुंचना होगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे तय ट्रैफिक प्लान का पालन करें, समय से पहले कार्यक्रम स्थल पहुंचें। राष्ट्रपति का मिनट टू मिनट शेड्यूल राष्ट्रपति मुर्मू सुबह 9.10 पर भुवनेश्वर से जगदलपुर के लिए रवाना होंगी। 10.30 बजे मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट आएंगी। लालबाग मैदान में बस्तर पण्डुम कार्यक्रम में शामिल होंगी। सुबह 10.55 से 11.10 मिनट तक स्टॉल्स का अवलोकन करेंगी। बस्तर पण्डुम में मेहमानों के साथ होगा फोटोग्राफ सेशन शामिल होंगी। मांझी और चलकी के साथ राष्ट्रपति संवाद करेंगी। सुबह 11.10 से दोपहर 12.15 तक बस्तर पण्डुम के शुभारंभ कार्यक्रम में मौजूद रहेंगी। दोपहर 12.30 बजे मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट से रायपुर रवाना होंगी। 1.30 बजे रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना होंगी। अमित शाह भी होंगे शामिल केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी आज 7 फरवरी को छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, वे शनिवार की रात रायपुर पहुंचेंगे। अगले दिन रविवार को नक्सलवाद की स्थिति को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद अमित शाह बस्तर के लिए निकलेंगे, जहां वे पंडुम महोत्सव के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *