महासमुंद| छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल के गठन के 25 साल पूरा होने पर प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत रजत जयंती महोत्सव साल 2025-26 के अंतर्गत बुधवार को शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज महासमुंद में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। साथ ही भाषण, निबंध, लेखन, पोस्टर निर्माण और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान टेलीविजन के माध्यम से विद्युत विकास की यात्रा पर आधारित एक प्रेरणादायक वीडियो भी प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में पॉलिटेक्निक कॉलेज प्रशासन, विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी व व्याख्याता सहित अन्य मौजूद थे।


