रोमांचक मैच में खड़गपुर ने बेंगलुरु और नागपुर ने बक्सर टीम को हराया

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर सेशन स्मृति स्वर्णकप फुटबॉल टूर्नामेंट के तहत चरचा कॉलरी मैदान में शुक्रवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। दोनों ही मैच दर्शकों के लिए रोमांच से भरपूर रहे, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दिन का पहला मुकाबला एसईआरएसए खड़गपुर और एमईजी बेंगलुरु के बीच खेला गया। मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। निर्धारित समय तक स्कोर बराबरी पर रहने के कारण मैच का फैसला ट्राई ब्रेकर से किया गया। ट्राई ब्रेकर में खड़गपुर के गोलकीपर दीप मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई महत्वपूर्ण बचाव किए और अपनी टीम को 3-1 से जीत दिलाई। गोल कीपर को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं दूसरा मुकाबला एसईसीआर नागपुर और मां कामाख्या क्लब बक्सर (बिहार) के बीच खेला गया। नागपुर की टीम ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और पांचवें मिनट में पहला गोल कर बढ़त बना ली। इसके बाद 22वें मिनट में नागपुर ने एक और गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। बक्सर की टीम ने भी अंत तक संघर्ष जारी रखा, लेकिन पहले हाफ में गोल करने में असफल रही। इसी दौरान नागपुर के जर्सी नंबर 8 तजेंद्र सिंह को खतरनाक खेल के कारण लाल कार्ड दिखाया गया। मैच के अंतिम चरणों में बक्सर की टीम ने जबरदस्त दबाव बनाया और विदेशी मूल के खिलाड़ी जर्सी नंबर 21 पकोम ने शानदार मैदानी गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। हालांकि, नागपुर की टीम ने बढ़त बनाए रखते हुए मुकाबला अपने नाम किया। इस मैच में नागपुर के जर्सी नंबर 10 उजीत राम को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के मुख्य निर्णायक आशीष तिवारी थे, जबकि सहायक निर्णायक पप्पू कुमार और प्रफुल्ल कुमार रहे। मैच कमिश्नर की भूमिका अनिल कैचर ने निभाई। मैदान पर प्रदीप डे, रफीक अब्दुल और असीस मसीह की सक्रिय भूमिका भी सराहनीय रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *