पाली जिले के सुमेरपुर पंचायत समिति सभागार में शुक्रवार को विकास अधिकारी प्रमोद दवे की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक का आयोजन हुआ। जिसमें सुमेरपुर पंचायत समिति क्षेत्र के सभी ग्राम विकास अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक कैसे पहुंचे, इस पर मंथन करना रहा। विकास अधिकारी ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र लाभार्थियों के चयन तथा समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों को लेकर ग्राम विकास अधिकारियों से फीडबैक लिया गया। बैठक में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति, स्वीकृत कार्यों की स्थिति तथा जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने पेयजल, आधारभूत सुविधाएं, स्वच्छता एवं अन्य विकास कार्यों से जुड़ी समस्याओं को बैठक में रखा। इस अवसर पर जलदाय विभाग से खैमराज बैरवा, हंसमुख, जगदीश, जितेंद्र चौधरी सहित विकास विभाग के भगवत सिंह राठौर, निंबाराम मीणा, बालूराम माली, भरत सिंह, जोगाराम रोहिण ,मुकेश कुमार , गणपत सिंह,समेत सभी ग्राम विकास अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में आपसी समन्वय से विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया गया।


