मध्य प्रदेश के ग्वालियर में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। रात में जहां ठंड बढ़ रही है, वहीं दिन में गर्मी का अहसास होने लगा है। शनिवार को शहर का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह से ही तेज धूप निकलने लगती है और दिन चढ़ने के साथ गर्मी बढ़ जाती है। मौसम विभाग के अनुसार दिन का तापमान सामान्य से करीब 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। तेज धूप के कारण दिन के समय लोगों ने गर्म कपड़ों से दूरी बनानी शुरू कर दी है। रात में तेजी से गिरता है पारा हालांकि शाम ढलते ही मौसम का रुख बदल जाता है और रात में पारा तेजी से गिरने लगता है। उत्तर दिशा से चल रही ठंडी हवाओं के कारण रात में ठिठुरन महसूस की जा रही है। बदलते मौसम का असर किसानों पर भी पड़ रहा है, जिन्हें रात में खेतों में काम करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टरों ने दी सावधानी बरतने की सलाह मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी दिन में धूप खिली रहेगी, जबकि रातें ठंडी बनी रहेंगी। वहीं डॉक्टरों ने इस मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि तापमान के उतार-चढ़ाव से सर्दी, खांसी और बुखार जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों को गर्म कपड़े पूरी तरह छोड़ने से बचना चाहिए और बच्चों व बुजुर्गों का खास ध्यान रखना चाहिए।


