कोटा में लाखों रुपए यूडी टैक्स बकाया पर सख्त कार्रवाई:नगर निगम ने आकाश मॉल सहित कई दुकानें सीज की

कोटा शहर में नगर निगम ने लंबे समय से बकाया चल रहे यूडी टैक्स को लेकर आज सुबह सख्त कार्रवाई की। नगर निगम के राजस्व विभाग की टीम ने एरोड्रम सर्किल स्थित आकाश मॉल, धान मंडी क्षेत्र और मोटर मार्केट में कई दुकानों को सीज कर दिया। इन प्रतिष्ठानों पर वर्ष 2007 से यूडी टैक्स लाखों रुपए बकाया था, जिसे बार-बार नोटिस देने के बावजूद जमा नहीं कराया गया। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई के दौरान निगम अधिकारियों ने आकाश मॉल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर नोटिस चस्पा किया। मॉल में संचालित कई प्राइवेट दफ्तर, शोरूम और बैंक के कर्मचारी ऑफिस समय 10 बजे बाहर ही खड़े नजर आए। अचानक हुई कार्रवाई से वहां का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया। नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर (रेवेन्यू) धीरज कुमार सोनी ने बताया कि कोटा शहर में कई प्रतिष्ठान—जैसे मॉल, दुकानें, हॉस्टल, होटल और मैरिज गार्डन—ऐसे हैं, जिन पर 15 साल से अधिक समय से यूडी टैक्स बकाया है। कई बार नोटिस देने के बावजूद टैक्स जमा नहीं कराया गया, जिससे निगम को भारी राजस्व नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि आकाश मॉल पर करीब 12 लाख रुपए का यूडी टैक्स बकाया है। भीड़-भाड़ से बचने के लिए सुबह जल्दी कार्रवाई की गई। इसी क्रम में धान मंडी और मोटर मार्केट में भी चार से पांच दुकानों को सीज किया गया, जिन पर लाखों रुपए का टैक्स बकाया था। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जैसे ही संबंधित प्रतिष्ठान बकाया यूडी टैक्स जमा करेंगे, उनकी दुकानें और मॉल खोल दिए जाएंगे। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और बकायेदारों के खिलाफ और सख्त कदम उठाए जाएगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *