सतना में अपहरण-लूट के आरोप में 4 गिरफ्तार:दो युवतियों समेत पकड़े गए आरोपी, ऑटो-मोबाइल-नकदी बरामद

सतना में सिटी कोतवाली पुलिस ने 4 फरवरी की रात गर्ल्स कॉलेज के पास हुए अपहरण, मारपीट और ऑनलाइन लूट के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों ने मुख्त्यारगंज निवासी 20 वर्षीय प्रफुल्ल श्रीवास्तव को जबरन ऑटो में बैठाया, पीटा और ऐप का गुप्त कोड लेकर पेट्रोल पंप के खाते के जरिए पैसे अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। कैसे हुआ अपहरण टीआई रावेन्द्र द्विवेदी के मुताबिक, प्रफुल्ल श्रीवास्तव रात करीब 10 बजे घर से रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकले थे। जैसे ही वे गर्ल्स कॉलेज के पास पहुंचे, ऑटो में सवार चार युवक-युवतियों ने उन्हें पकड़ लिया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, आरोपियों ने उन्हें जबरन ऑटो में बैठा लिया। ऑटो में बैठाने के बाद आरोपियों ने प्रफुल्ल के साथ मारपीट शुरू कर दी। वे लगातार उन्हें धमकाते रहे ताकि वह डर जाएं और उनकी बात मान लें। ऐप का कोड उगलवाया आरोपी प्रफुल्ल को महदेवा पेट्रोल पंप की तरफ ले गए। वहां डराकर उनसे ऑनलाइन पेमेंट एप्लीकेशन का सीक्रेट कोड पूछ लिया। बदमाशों ने उसी का फायदा उठाकर रकम ट्रांसफर करवाई। कोड मिलते ही आरोपियों ने पेट्रोल पंप के खाते में पैसा डलवाया। इसके बाद सेल्समैन की मदद से वह रकम अपने-अपने खातों में ट्रांसफर करा ली। घंटों घुमाते रहे, फिर छोड़ा लूटपाट के बाद भी आरोपी नहीं रुके। वे प्रफुल्ल को काफी देर तक ऑटो में इधर-उधर घुमाते रहे। बाद में एक सुनसान जगह पर उतारकर फरार हो गए। पीड़ित युवक किसी तरह अपने घर पहुंचा। वहां उसने परिवार वालों को पूरी घटना बताई। परिजनों ने उसे तुरंत पुलिस में शिकायत करने की सलाह दी। अगले दिन दर्ज हुई रिपोर्ट गुरुवार सुबह प्रफुल्ल सिटी कोतवाली पहुंचे और मामला दर्ज कराया। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसी से वारदात में इस्तेमाल ऑटो क्रमांक एमपी 19 जेडजे 1914 की पहचान हुई। पहले एक आरोपी पकड़ा गया पुलिस ने धवारी गली नंबर-1 निवासी 20 वर्षीय पीयूष कुशवाहा को गिरफ्तार किया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने साथियों के नाम बताए। पीयूष की निशानदेही पर पुलिस ने खरवाही निवासी 19 वर्षीय अंकित द्विवेदी, मौहारी निवासी 20 वर्षीय दीपाली बागरी और धवारी में शारदा मंदिर के पास रहने वाली 18 वर्षीय दिशा वर्मन को भी पकड़ लिया। नकदी, मोबाइल और ऑटो बरामद आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल ऑटो-रिक्शा, चार मोबाइल फोन और 5400 रुपए नकद जब्त किए गए हैं। पूछताछ पूरी होने के बाद शुक्रवार दोपहर पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *