सतना में मैहर जिले के जरियारी ग्राम में शासकीय रास्ते पर अतिक्रमण का विरोध किया गया। ग्रामीणों ने शुक्रवार देर शाम नेशनल हाईवे 30 पर चक्का जाम कर दिया। जरियारी मोड़ के पास हुए इस प्रदर्शन के कारण लगभग दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। ग्रामीणों ने भीम आर्मी के बैनर तले राष्ट्रीय राजमार्ग 30 को जाम किया था, जिससे सैकड़ों वाहन फंसे रहे। नायब तहसीलदार प्रवीण त्रिपाठी और रेनू मिश्रा ने ग्रामीणों को जल्द अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद वे धरना समाप्त कर जरियारी लौट गए। ग्रामीणों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर बताया कि गांव की आराजी नंबर 998 की यह शासकीय सड़क 100 वर्षों से अधिक समय से उपयोग में है। यह रास्ता ग्रामीणों के आवागमन का मुख्य मार्ग है। गांव के कुछ लोगों ने इस रास्ते पर अवैध अतिक्रमण कर लिया है, जिससे आवागमन पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। उन्होंने जगदीश लोधी, रामकरण लोधी और इंद्रमान लोधी पर सड़क पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों के अनुसार, इस अतिक्रमण के संबंध में पहले भी प्रशासन को जानकारी दी गई थी और तहसीलदार न्यायालय द्वारा आदेश भी पारित किया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। ग्रामीणों ने एसडीएम से मांग की है कि शासकीय सड़क से अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए और रास्ता खुलवाया जाए, ताकि गांव में सामान्य आवागमन बहाल हो सके। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे आगे भी आंदोलन करेंगे।


