पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के बाद उत्तरी सर्द हवाओं ने सरगुजा में कड़ाके की ठंड की वापसी कर दी है। शनिवार को सरगुजा के पाठ इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान भी गिरकर 6 डिग्री के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी ठंड का असर जारी रहेगा। सरगुजा संभाग में पश्चिमोत्तर सर्द हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। 2 फरवरी को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण सरगुजा में बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी हुई थी। पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होते ही सर्द हवाएं तेजी से प्रवेश कर रही हैं। इसके कारण न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। पाट इलाकों में 5 डिग्री से नीचे गिरा तापमान
सरगुजा के पाट इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे गिर गया है। मैनपाट, सामरीपाट, सोनहत इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान भी शनिवार को 6.3 डिग्री दर्ज किया गया है। शीतलहरों के कारण शाम ढलते ही पाट से लेकर मैदानी इलाकों में सन्नाटा पसरने लगा है। मौसम साफ रहने के कारण दिन के तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आई है। शुक्रवार को अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया है। जारी रहेगा तापमान में उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के अनुसार फरवरी माह में मौसम में उतार चढ़ाव जारी रहेगा। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ 8 फरवरी को सक्रिय होने का पूर्वानुमान है। इसके असर से संभाग में फिर से बादल छाने का अनुमान है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोत्तरी होगी। हालांकि आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम बने रहने का पूर्वानुमान है। मौसम में बदलाव, बीमार हो रहे लोग
सरगुजा संभाग में दिन और रात के तापमान में करीब 20 डिग्री का फर्क होने का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। रातें अत्यधिक सर्द हो रही हैं। मौसम में बदलाव के कारण बच्चों सहित लोग सर्दी एवं मौसमी बीमारियों से पीड़ित हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को मौसम के बदलाव को देखते हुए ठंड से बचने की सलाह दी है।


