बुरहानपुर कलेक्टर हर्ष सिंह की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय में मंगलवार शाम आयोजित समय-सीमा की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कलेक्टर ने तरबूज की फसल में हो रहे संक्रमण के मद्देनजर उद्यानिकी, राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को फसल संरक्षण के लिए जागरूक करने को कहा। बैठक में आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों, निर्माण श्रमिकों और 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने इस कार्य को शत-प्रतिशत पूरा करने पर जोर दिया। अन्य सरकारी योजनाओं की हुई समीक्षा
धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा में प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पेंशन ई-केवायसी और संबल योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जर्जर भवनों को गिराने के आदेश
कलेक्टर ने अवैध कॉलोनियों की जांच और कोटपा अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देशित किया। नगर निगम को जर्जर भवनों को गिराने की कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ लता शरणागत सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।


