इंदौर में आज से क्लीन रेड स्पॉट-नो थू-थू अभियान:महापौर ने की सफाई, कहा-पहले समझाइश देंगे फिर होगी चालानी कार्रवाई

इंदौर के सरवटे बस स्टैंड और राजवाड़ा परिसर से शनिवार को शहर में ‘क्लीन रेड स्पॉट’ अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान अब हर शनिवार चलाया जाएगा। नगर निगम ने स्वच्छता के क्षेत्र में नया कदम उठाते हुए शहर से रेड स्पॉट खत्म करने का लक्ष्य तय किया है। स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बनने वाले रेड स्पॉट को पूरी तरह समाप्त करना है। अभियान के शुभारंभ के मौके पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव स्वयं सरवटे बस स्टैंड क्षेत्र और राजवाड़ा के मुख्य गेट पहुंचे और सफाई अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए श्रमदान किया। लोगों को स्पीट कप वितरित किए इस दौरान महापौर ने लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर इधर-उधर थूकने से रोकते हुए स्पीट कप और स्पीट बॉक्स का उपयोग करने की समझाइश दी। साथ ही लोगों को स्पीट कप भी वितरित किए। महापौर ने कहा कि स्वच्छता में देश में आठ बार नंबर वन रह चुके इंदौर में आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए आज से प्रत्येक शनिवार को शहर के सभी 85 वार्डों में यह अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इंदौर की पहचान स्वच्छता है और नगर निगम लगातार नए नवाचार कर रहा है। इसी कड़ी में रेड स्पॉट के खिलाफ यह विशेष अभियान शुरू किया गया है। महापौर ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत नगर निगम और एनजीओ टीम के सदस्यों द्वारा चिह्नित रेड स्पॉट्स की नियमित सफाई की जाएगी। साथ ही सार्वजनिक जगहों पर थूकने वालों को रोका जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। नो थू-थू और क्लीन रेड स्पॉट अभियान के अंतर्गथ राजवाड़ा क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान महापौर ने लोगों से सार्वजनिक जगहों को गंदा न करने और अपनी गाड़ियों में अनिवार्य रूप से स्पीट बॉक्स रखने को कहा। उन्होंने शहर को सेड स्पॉट मुक्त बनाने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की है। इस मौके पर महापौर के साथ ही स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल, पार्षद पंखुड़ी जैन डोषी, रूपाली पेंढारकर, अपर आयुक्त प्रखर सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी और नगर निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *