टोंक जिले के निवाई में शुक्रवार देर शाम शहीद स्मारक कार्यक्रम के दौरान राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर बयान दिया। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि गोविंद सिंह डोटासरा डोटासरा मेरे अच्छे मित्र है , लेकिन वे बेशर्म और बेईमान है, उनकी बातों पर राजस्थान की जनता ध्यान नहीं देती। वह बोले- ज्यादा दिन दूर नहीं है, जब वे जेल में होंगे। उन्होंने बताया कि मिड डे मील घोटाले की जांच चल रही है, जिसमें डोटासरा के कई करीबी लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। वे भी जांच के दायरे में आ सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने खेजड़ी को लेकर कहा- राज्य सरकार खेजड़ी के पेड़ों को बचाना चाहती है और बचाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरे राज्य में खेजड़ी कटाई पर रोक लगाई गई है और किसी भी स्तर पर कटाई नहीं होने दी जाएगी। प्रदेश में शिक्षा रैंकिंग पर दावा किया कि पहले राजस्थान शिक्षा के क्षेत्र में देश में 11वें या 13वें स्थान पर था, लेकिन सरकार के दो साल के प्रयासों से राज्य तीसरे स्थान पर पहुंचा है। कांग्रेस के पुराने रुख पर टिप्पणी मदन दिलावर ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस का रुख भगवान राम और राम मंदिर से जुड़े मुद्दों पर पहले अलग रहा है। उन्होंने धारा 370, राम मंदिर और राष्ट्रीय प्रतीकों से जुड़े मामलों में कांग्रेस के पुराने बयानों का उल्लेख किया। राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद पर बयान कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान में देश की सेना को मौके पर निर्णय लेने की स्वतंत्रता है। उन्होंने कहा कि जब आतंकवादियों पर कार्रवाई होती है, तब कांग्रेस की प्रतिक्रिया अलग रही है। इस संदर्भ में उन्होंने राहुल गांधी के एक पुराने बयान का जिक्र किया। राम मंदिर पर सरकार का पक्ष मदन दिलावर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ हुआ। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक सत्ता में रही सरकारों के दौरान राम मंदिर निर्माण की दिशा में कदम नहीं उठाए गए।


