खरगोन जिले में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 10वीं की परीक्षा 10 फरवरी से और 12वीं की परीक्षा 13 फरवरी से शुरू होगी। इस वर्ष 32 हजार से अधिक परीक्षार्थी इन परीक्षाओं में शामिल होंगे। शनिवार को देवी अहिल्या उत्कृष्ट स्कूल से गोपनीय परीक्षा सामग्री 95 परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्षों को वितरित की गई। जिला शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र कानुडे ने बताया कि सभी 95 केंद्रों पर परीक्षा सामग्री शाम तक पहुंच जाएगी। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मिनट-टू-मिनट कार्य योजना बनाई है। परीक्षा के दिन केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष और कलेक्टर प्रतिनिधि की उपस्थिति सुबह 6 से 7 बजे के बीच संबंधित थाने पर अनिवार्य होगी। सुबह 7 बजे प्रश्नपत्रों को निकाला जाएगा सुबह 7 बजे से प्रश्न पत्रों के बॉक्स थाने से निकाले जाएंगे। सभी अधिकारी प्रश्न पत्र लेकर सुबह 8:30 बजे से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचेंगे। प्रश्नपत्रों के बॉक्स खोलने से पहले सभी तरफ का वीडियो बनाना और उसे माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा नामांकित व्हाट्सएप नंबर पर भेजना अनिवार्य किया गया है। इसके बाद सुबह 8:30 बजे केंद्राध्यक्ष बॉक्स खोलेंगे। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। जिले के प्रत्येक विकासखंड में दो निरीक्षण दल गठित किए गए हैं। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष प्रेक्षक तैनात रहेंगे, जो जिला प्रशासन को पल-पल की रिपोर्ट देंगे। परीक्षा के दौरान साइबर सेल भी सक्रिय रहेगा।


